बालको मेडिकल सेंटर ने मध्य भारत में कैंसर उपचार को बनाया अधिक सुलभ

नया रायपुर। मध्य भारत में कैंसर के विशेषज्ञ उपचार को मरीजों के करीब पहुंचाने की दिशा में बालको मेडिकल सेंटर (बीएमसी) लगातार विस्तार कर रहा है। वर्ष 2018 में स्थापित बीएमसी में अब तक 75 हजार से अधिक मरीजों का उपचार किया जा चुका है। यहां करीब 5 लाख ओपीडी परामर्श, 96 हजार से अधिक कीमोथेरेपी सत्र और 13,500 से ज्यादा सर्जरी हुई हैं।

नया रायपुर से करीब 250 किलोमीटर दूर कोंडागांव के 28 वर्षीय मरीज का मामला बीएमसी में उपलब्ध उपचार की एक मिसाल है। दुर्लभ रक्त कैंसर से पीड़ित मरीज का कई चरणों की कीमोथेरेपी के बाद ऑटोलॉगस स्टेम सेल ट्रांसप्लांट किया गया। उपचार की पूरी प्रक्रिया एक ही केंद्र में होने से मरीज और परिजनों को अलग-अलग संस्थानों के चक्कर नहीं लगाने पड़े।

इसी तरह पैंक्रियाज कैंसर से पीड़ित 48 वर्षीय मरीज की जटिल सर्जरी विशेषज्ञ चिकित्सकों के समन्वय से की गई। दो साल बाद फॉलोअप के लिए पहुंचे मरीज के स्वस्थ होने और सामान्य जीवन में लौटने की जानकारी बीएमसी ने दी है।

एक ही छत के नीचे विशेषज्ञ उपचार
बीएमसी में मेडिकल, सर्जिकल और रेडिएशन ऑन्कोलॉजी के साथ हेमेटोलॉजी, रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी, ट्रांसप्लांट, मनोविज्ञान, फिजियोथेरेपी, पोषण और पैलिएटिव केयर जैसी सेवाएं उपलब्ध हैं। मल्टीडिसिप्लिनरी ट्यूमर बोर्ड में विभिन्न विशेषज्ञ मरीज की स्थिति की संयुक्त समीक्षा कर उपचार की योजना तैयार करते हैं।

केंद्र में अब तक 180 से अधिक बोन मैरो ट्रांसप्लांट किए जा चुके हैं। मेडिकल, सर्जिकल और रेडिएशन ऑन्कोलॉजी, न्यूक्लियर मेडिसिन, उन्नत जांच और हेमेटोलॉजी जैसी सेवाओं का भी विस्तार किया गया है।

दूरदराज के मरीजों को आवास और आर्थिक सहायता
उपचार के साथ मरीजों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुख सराय में रियायती आवास, दूरदराज के मरीजों के लिए परिवहन सहायता और कीमोथेरेपी मरीजों के लिए उच्च प्रोटीनयुक्त आहार की सुविधा दी जाती है। पात्र मरीजों को बीएमसी चैरिटेबल फंड से उपचार और जांच के लिए आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है।

वरिष्ठ मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. यशवंत कश्यप ने कहा कि कैंसर की शुरुआती पहचान उपचार के विकल्पों और परिणामों के लिए महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से बीएमसी द्वारा छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में 500 से अधिक कैंसर जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इनमें स्तन, सर्वाइकल, कोलोरेक्टल और ओरल कैंसर की स्क्रीनिंग पर विशेष जोर दिया गया।

बीएमसी के अनुसार छत्तीसगढ़ के अलावा ओडिशा, मध्य प्रदेश, झारखंड, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश से भी मरीज उपचार के लिए नया रायपुर पहुंच रहे हैं। केंद्र में आयुष्मान भारत, मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं और बीमा कंपनियों के माध्यम से कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है।