265 पदों के लिए 795 अभ्यर्थियों को बुलाना था, 608 को ही मिला मौका; मूल्यांकन में असमानता का भी लगाया आरोप
कोरबा।सीजी पीएससी परीक्षा की पारदर्शिता और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन पर सवाल उठाते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने 187 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार से बाहर किए जाने का मुद्दा उठाया है। उन्होंने आयोग से सभी अभ्यर्थियों के प्राप्तांक सार्वजनिक करने और पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
बुधवार को कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए अग्रवाल ने कहा कि 2024 की परीक्षा में 265 पदों पर भर्ती के लिए 1:3 के अनुपात में 795 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाना था, लेकिन आयोग ने 608 को ही बुलाया। उनके अनुसार 187 अभ्यर्थियों को प्रक्रिया से बाहर रखा गया। आयोग की ओर से न्यूनतम अंक नहीं मिलने की बात कही गई है। अग्रवाल ने कहा कि यदि यही कारण है तो सभी अभ्यर्थियों के अंक सार्वजनिक किए जाने चाहिए।
समान उत्तर, फिर भी अंकों में अंतर का दावा
अग्रवाल ने मूल्यांकन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए दो अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं का उदाहरण दिया। उनका दावा है कि प्रश्न क्रमांक-5 में दोनों ने समान उत्तर लिखा, इसके बावजूद एक को 2 अंक और दूसरे को शून्य अंक दिए गए। उन्होंने माता राजिम, घरेलू हिंसा और बौद्ध धर्म के महानिर्वाण से जुड़े प्रश्नों के मूल्यांकन में भी कथित असमानता का आरोप लगाया और इसे जांच का विषय बताया।
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी के मौजूदा दौर में योग्य अभ्यर्थियों की कमी का तर्क समझ से परे है। रेलवे में स्वीपर जैसे पदों के लिए उच्च शिक्षित युवाओं के आवेदन का उदाहरण देते हुए उन्होंने पीएससी से चयन प्रक्रिया से जुड़े आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग की।
निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
पूर्व मंत्री ने कांग्रेस शासनकाल में व्यापमं के माध्यम से भर्तियां कराने और कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता जरूरी है। उन्होंने मांग की कि पीएससी से जुड़े सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही कहा कि युवाओं के मुद्दे और स्थानीय स्तर पर भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस जल्द धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करेगी।
प्रेसवार्ता में रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर, ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, कोरबा मंडल अध्यक्ष पालूराम साहू सहित कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















