अस्पताल से लापता नवप्रसूता झाड़ियों में फंदे पर मिली, मौत से मचा हड़कंप

बच्चे को जन्म देने के छह दिन बाद अस्पताल से निकली थी महिला; खुदकुशी या हादसा, जांच में जुटी पुलिस

कोरबा। कटघोरा के एक निजी अस्पताल से लापता हुई नवप्रसूता महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बच्चे को जन्म देने के करीब छह दिन बाद 14 सितंबर की शाम अस्पताल से अचानक लापता हुई महिला मंगलवार को अस्पताल से करीब 100-150 मीटर दूर एक निजी बाड़ी में झाड़ियों के बीच दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटकी मिली। महिला की पहचान कांता केवट के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार कटघोरा थाना क्षेत्र की कांता केवट को प्रसव के लिए जेंजरा स्थित जीवांश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब छह दिन पहले उसने ऑपरेशन से बच्चे को जन्म दिया था। बताया जा रहा है कि नवजात वर्तमान में आईसीयू में भर्ती है।

14 सितंबर की शाम करीब 7 बजे कांता बिना किसी को बताए अस्पताल से निकल गई। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों और अस्पताल स्टाफ ने उसकी तलाश शुरू की।

परिजनों ने महिला की तस्वीर और जानकारी सार्वजनिक कर लोगों से तलाश में मदद मांगी थी। इसी बीच मंगलवार दोपहर अस्पताल के पिछले हिस्से से करीब 100-150 मीटर दूर एक निजी बाड़ी में झाड़ियों के बीच युवती के फंदे पर लटके होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर उसकी पहचान अस्पताल से लापता कांता केवट के रूप में हुई।

खुदकुशी या किसी घटना के बाद फंदे पर लटकाया गया?
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि महिला ने खुदकुशी की या किसी घटना के बाद उसे फंदे पर लटकाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।

नवजात के अस्पताल में भर्ती होने और मां की इस तरह मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस महिला के अस्पताल से निकलने से लेकर घटनास्थल तक पहुंचने के पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।