कुसमुंडा-कुचेना अंडरब्रिज पर जाम का खतरा, विधायक ने मांगा स्थायी समाधान

डीआरएम को पत्र लिखकर तकनीकी जांच और स्थायी मरम्मत की मांग, समानांतर अंडरब्रिज या वैकल्पिक मार्ग का सर्वे कराने कहा

कोरबा। गेवरा-दीपका क्षेत्र को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाले कुसमुंडा-कुचेना मार्ग के रेलवे अंडरब्रिज की संकरी संरचना और खराब सड़क अब यातायात के लिए चुनौती बनती जा रही है। समस्या को लेकर कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने बिलासपुर मंडल के डीआरएम को पत्र लिखकर तकनीकी व संरचनात्मक जांच, स्थायी मरम्मत और समानांतर अंडरब्रिज की संभावना तलाशने की मांग की है।

विधायक ने कहा कि कुसमुंडा-कुचेना अंडरब्रिज से रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जबकि अंडरब्रिज की चौड़ाई अपेक्षाकृत कम है। सड़क और आसपास के हिस्सों में टूट-फूट के कारण भी वाहन चालकों को परेशानी होती है।

एक वाहन फंसा तो थम सकती है दोनों ओर की आवाजाही

विधायक ने डीआरएम को अवगत कराया कि अंडरब्रिज में यदि कोई भारी वाहन खराब होकर फंस जाता है तो संकरी संरचना के कारण दोनों दिशाओं का यातायात प्रभावित हो सकता है। इससे लंबा जाम लगने के साथ एंबुलेंस, दमकल और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों की आवाजाही भी बाधित होने का खतरा है।

पांच बिंदुओं पर रेलवे से कार्रवाई की मांग

विधायक ने रेलवे से अंडरब्रिज की तकनीकी एवं संरचनात्मक जांच, सड़क की टूट-फूट और निर्माण संबंधी कमियों की स्थायी मरम्मत तथा मौजूदा और भविष्य के यातायात दबाव का तकनीकी सर्वे कराने की मांग की है।

साथ ही समानांतर नया अंडरब्रिज या वैकल्पिक यातायात मार्ग विकसित करने की व्यवहार्यता जांचने को कहा है।

स्थायी समाधान होने तक जाम की स्थिति से निपटने के लिए तत्काल वैकल्पिक यातायात व्यवस्था और सुरक्षा उपाय लागू करने का भी आग्रह किया गया है। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है, इसलिए समस्या का समाधान जाम और दुर्घटना की स्थिति बनने से पहले किया जाना जरूरी है।