कोरबा। दीपका क्षेत्र में चलती मालगाड़ी के इंजन पर पथराव कर लोको पायलट को घायल करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। दीपका पुलिस ने आरोपी को पकड़कर रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) के हवाले कर दिया। आरोपी के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार 10 सितंबर की रात करीब 10.15 बजे मालगाड़ी संख्या एन बॉक्स/15 के इंजन पर जूनाडीह- दीपका एसईसीएल साइडिंग के बीच पथराव किया गया था। पथराव में लोको पायलट के सिर में चोट आई थी। घटना की सूचना पर रेसुब पोस्ट कोरबा में अपराध क्रमांक 783/ 2026, धारा 153 रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान दीपका पुलिस के सहयोग से रविवार को रोशन तिवारी (26), निवासी कृष्णानगर, वार्ड क्रमांक 7, दीपका को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना स्वीकार किए जाने के बाद उसे पूर्व में दर्ज रेलवे एक्ट के प्रकरण में संबद्ध किया गया।
आरोपी को 14 सितंबर को रेलवे न्यायालय, बिलासपुर के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले की कार्रवाई में दीपका पुलिस और आरपीएफ के बीच समन्वय से आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।
रेलवे ट्रैक और चलती ट्रेन पर पथराव गंभीर अपराध है। ऐसी घटनाओं में यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों की जान को खतरा रहता है। पुलिस और आरपीएफ ने इस मामले में संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए स्पष्ट किया है कि रेलवे क्षेत्र में होने वाली घटनाओं पर रेलवे एक्ट के प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















