चोटिया में NH-130 पर हाथी पहुंचने से वाहनों की कतार; वन अमले ने जंगल की ओर खदेड़ा
कोरबा। चोटिया में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक लोनर हाथी नेशनल हाईवे-130 पर पहुंच गया। हाथी को देखते ही लोग मोबाइल निकालकर वीडियो और सेल्फी बनाने लगे। इसी दौरान हाथी अचानक लोगों की ओर दौड़ा, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। लोग जान बचाकर भागे और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
बताया गया कि उत्तर प्रदेश, झारखंड और बिहार को छत्तीसगढ़ से जोड़ने वाले NH-130 पर हाथी के पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग सड़क पर जमा हो गए थे। कुछ लोग हाथी के बेहद करीब जाकर वीडियो बनाने का प्रयास कर रहे थे। अचानक हाथी के आक्रामक होने और लोगों की ओर दौड़ लगाने से सभी के होश उड़ गए।
केंदई रेंज के रेंजर अभिषेक दुबे के अनुसार क्षेत्र में करीब 32 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है, जबकि सड़क पर पहुंचा हाथी झुंड से अलग रहने वाला लोनर है। उसका व्यवहार आक्रामक बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को सुरक्षित हटाते हुए हाथी को जंगल की ओर खदेड़ दिया।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और नजदीक जाकर वीडियो या सेल्फी लेने का जोखिम न उठाएं। वन्यजीव के करीब जाना कभी भी जानलेवा साबित हो सकता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















