24 घंटे में पुलिस ने किया लूट का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे; 7 नाबालिग भी पकड़े गए, 50 मीटर केबल बरामद
कोरबा। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र की एसईसीएल सुराकछार नंबर-4 इंक्लाइन खदान में आधी रात सुरक्षा गार्ड से मारपीट कर कॉपर केबल लूटने वाले गिरोह का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। 10 से 15 लोगों ने खदान की बाउंड्रीवाल फांदकर अंदर प्रवेश किया, सुरक्षा गार्ड को धमकाया और मारपीट के बाद चालू लाइन की कॉपर केबल काटकर ले गए थे।
पुलिस ने मामले में तीन बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि सात नाबालिगों को हिरासत में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है।
आरोपियों की निशानदेही पर करीब 50 मीटर कॉपर केबल, कीमत 55 हजार रुपए, और वारदात में इस्तेमाल सात मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

घटना 13-14 सितंबर की दरम्यानी रात करीब 2 से 2.30 बजे की है। सुरक्षा कर्मी अरविंद कुमार कुर्मी की शिकायत के अनुसार 10 से 15 अज्ञात लोग 3-4 इंक्लाइन खदान की बाउंड्रीवाल फांदकर परिसर में घुसे थे। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और हाथ-झापड़ से मारपीट की। इसके बाद सुराकछार नंबर-4 इंक्लाइन के मुहाड़े में पहुंचकर चालू लाइन की कॉपर केबल काटी और चोरी कर फरार हो गए।
पूछताछ में खुला गिरोह का राज
14 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज होने के बाद बांकीमोंगरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 179/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई। कड़ाई से पूछताछ में गौरव सिंह कंवर उर्फ मोन्टी (23), निवासी कुचेना, सुमित कुमार (19), निवासी मड़वाडोड़ा और सुनील कुमार कंवर उर्फ रिंकु (18 वर्ष 3 माह), निवासी भिलाईबाजार की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस के अनुसार तीनों ने सात नाबालिगों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई कॉपर केबल बरामद कर ली गई। वारदात में इस्तेमाल सात मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। सात नाबालिग विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड कोरबा में पेश किया जा रहा है। पुलिस वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















