25 सितंबर को प्रदेश के 5 लाख से अधिक लोग एक साथ करेंगे राष्ट्रगीत का सामूहिक गान
कोरबा। राष्ट्रगीत वंदेमातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 25 सितंबर को विद्या भारती की ओर से देशभर में विशेष आयोजन किया जाएगा। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के सरस्वती विद्यालयों में सुबह 11 बजे एक साथ वंदेमातरम् का सामूहिक गान होगा। प्रदेश में एक समय पर 5 लाख से अधिक लोगों को जोड़कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने की तैयारी है।
कोरबा जिले में सरस्वती शिक्षा समिति द्वारा संचालित सरस्वती विद्यालयों के साथ वनांचल सेवान्यास के विद्यालय भी इस अभियान में शामिल होंगे। विद्यार्थियों के साथ आचार्य-आचार्याएं, पूर्व छात्र और समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग सामूहिक गान में हिस्सा लेंगे।
आयोजकों के अनुसार वंदेमातरम् के सभी छह पदों का गायन किया जाएगा, जिसकी अवधि करीब 3 मिनट 12 सेकेंड होगी। कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को सुबह 10.30 बजे संबंधित विद्यालय पहुंचना होगा, ताकि आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ठीक 11 बजे सामूहिक गान शुरू किया जा सके। इसके लिए विद्यालयों में अभ्यास भी कराया जा रहा है।
आयोजकों का कहना है कि वंदेमातरम् ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों को एकजुट करने और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसके 150 वर्ष पूरे होने पर आयोजित यह अभियान उसी राष्ट्रीय भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है। विद्या भारती को उम्मीद है कि प्रदेश में निर्धारित लक्ष्य से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ेंगे और सामूहिक गान का यह आयोजन नया विश्व रिकॉर्ड कायम करेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















