होटल का पता पूछकर महिला को झांसे में लिया, 6 लाख के गहने ले उड़े ठग

पुराने बस स्टैंड के पास दिनदहाड़े वारदात, चेन और चार अंगूठियां उतरवाकर रुमाल में बांधी और फरार

कोरबा। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में पुराने बस स्टैंड के पास दिनदहाड़े ठगी की वारदात से हड़कंप मच गया। दो अज्ञात युवकों ने होटल का पता पूछने के बहाने राताखार निवासी महिला को बातचीत में उलझाया और उसे गली में ले जाकर सोने की चेन व चार अंगूठियां उतरवा लीं। करीब 40 से 50 ग्राम वजनी इन गहनों की कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार 11 सितंबर की दोपहर महिला खरीदारी के लिए पुराने बस स्टैंड पहुंची थी। इसी दौरान एक युवक ने खुद को शहर में नया बताते हुए आसपास के होटल का पता पूछा। बातचीत के दौरान उसका एक साथी भी वहां पहुंच गया। दोनों ने महिला को अपनी बातों में उलझाया और मुख्य मार्ग से अंदर गली की ओर ले गए।

गली में दोनों ने महिला को झांसे में लेकर उसके पहने सोने के गहने उतरवा लिए। चेन और चार अंगूठियों को रुमाल में बंधवाने के बाद दोनों आरोपी गहने लेकर मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद महिला को ठगी का अहसास हुआ तो उसने पति को बुलाया और दोनों सिटी कोतवाली पहुंचे।

सीसीटीवी में कैद हुई ठगों की करतूत
शिकायत मिलते ही पुलिस ने आसपास की दुकानों और मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें दोनों संदिग्ध महिला से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस ने आसपास के होटल और लॉज में भी उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

सिटी कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान और तलाश की जा रही है।