बालको मेडिकल सेंटर के चौथे वार्षिक बीएमसी छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव में शामिल होंगे देश-दुनिया के कैंसर विशेषज्ञ

रायपुर। कैंसर उपचार में नवीनतम तकनीकों, वैज्ञानिक शोध और मरीज-केंद्रित उपचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बालको मेडिकल सेंटर (बीएमसी) की ओर से चौथा बीएमसी छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव 18 से 20 सितंबर तक मेफेयर लेक रिजॉर्ट्स, नया रायपुर में आयोजित किया जाएगा।

इसके साथ ही ‘चूजिंग वाइजली इंडिया’ की सातवीं बैठक भी होगी। इसका आयोजन ईकैंसर, टाटा मेमोरियल सेंटर मुंबई और नेशनल कैंसर ग्रिड के सहयोग से किया जा रहा है।

इस वर्ष कॉन्क्लेव की थीम ‘कैंसर उपचार में संतुलन की पुनर्स्थापना’ रखी गई है। इसमें स्तन कैंसर, स्त्री रोग संबंधी कैंसर और मूत्र-जनन तंत्र के कैंसर सहित उपचार के विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे। मरीज की जरूरत के अनुरूप उपचार तय करने, अनावश्यक उपचार से बचने और उपचार संबंधी फैसलों में मरीज की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर रहेगा।

9 देशों से आएंगे विशेषज्ञ
कॉन्क्लेव में यूके, अमेरिका, यूएई, नेपाल, श्रीलंका, इजराइल, बेल्जियम, कनाडा और स्विट्जरलैंड से 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ शामिल होंगे। इनके अलावा देशभर से 200 से अधिक राष्ट्रीय और क्षेत्रीय कैंसर विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। कैंसर सर्जरी, रेडिएशन, सटीक कैंसर उपचार, चिकित्सा अनुसंधान और नई चिकित्सा तकनीकों सहित विभिन्न विषयों पर अनुभव साझा किए जाएंगे।

तीन दिनों के आयोजन में 20 से अधिक परिचर्चाएं, बहुविषयक सत्र, वाद-विवाद और वास्तविक मरीजों के मामलों पर आधारित चर्चाएं होंगी। स्तन कैंसर की लाइव सर्जरी का प्रदर्शन भी कॉन्क्लेव का प्रमुख आकर्षण रहेगा।

एआई से जेनेटिक जांच तक प्रशिक्षण
कॉन्क्लेव के दौरान इंटरस्टिशियल ब्रैकीथेरेपी, क्लिनिकल ट्रायल, चिकित्सा अनुसंधान, आनुवंशिक जांच, सटीक कैंसर उपचार, पैथोलॉजी, स्वास्थ्य क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा नई पीढ़ी की न्यूक्लियर मेडिसिन और थेरानोस्टिक्स पर विशेष प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।

वेदांता मेडिकल रिसर्च फाउंडेशन की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. भावना सिरोही ने कहा कि कैंसर उपचार में संतुलन का मतलब मरीजों को उनके घर के करीब बेहतर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना भी है। देश-दुनिया के विशेषज्ञों और क्षेत्रीय चिकित्सकों के एक मंच पर आने से ज्ञान व अनुभव साझा करने तथा स्थानीय स्तर पर उपचार क्षमता मजबूत करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि अगली पीढ़ी के कैंसर विशेषज्ञ तैयार करने के उद्देश्य से हर वर्ष देशभर के 50 युवा डॉक्टरों को यात्रा सहायता भी दी जाती है, ताकि वे विशेषज्ञों से सीख सकें।

महिला विशेषज्ञों को भी मिलेगा मंच
कॉन्क्लेव में ‘वीमेन फॉर ऑन्कोलॉजी’ की नेटवर्किंग और मार्गदर्शन बैठक होगी। इसमें कैंसर उपचार के क्षेत्र में कार्यरत महिला विशेषज्ञों को अनुभव साझा करने, सहयोग बढ़ाने और नेतृत्व के अवसर तलाशने का मंच मिलेगा।

इसके साथ ही बीएमसी की ओर से ‘कैनवास फॉर ए लाइफ’ कला एवं विरासत प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी से प्राप्त सहयोग बीएमसी चैरिटेबल फंड के लिए होगा, जिसके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को उपचार, जांच, पोषण, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए आर्थिक मदद दी जाती है।

पिछले वर्ष कॉन्क्लेव में देशभर से 1,000 से अधिक चिकित्सक, विद्यार्थी और स्वास्थ्य विशेषज्ञ शामिल हुए थे।

इस वर्ष आयोजन के और व्यापक होने की उम्मीद है।

कॉन्क्लेव के लिए पंजीकरण शुरू हो चुका है। प्रतिभागियों और फैकल्टी सदस्यों को छत्तीसगढ़ मेडिकल काउंसिल, रायपुर से सीएमई क्रेडिट पॉइंट्स भी प्राप्त होंगे।