परिजनों ने बताया- मानसिक रूप से परेशान और चुपचाप रहने लगा था मृतक
कोरबा। कोरबा-चांपा मार्ग पर उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम चिकनीपाली में एक ठेका श्रमिक का शव गांव से करीब 300 मीटर दूर पेड़ पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक की पहचान ग्राम चिकनीपाली निवासी पूरन सिंह कंवर के रूप में हुई है। वह बालको पावर प्लांट में ठेका श्रमिक के रूप में कार्यरत था। परिजनों के मुताबिक पूरन पिछले करीब पांच दिनों से काम पर नहीं जा रहा था। इस दौरान वह मानसिक रूप से परेशान रहने के साथ काफी चुपचाप रहने लगा था।
बताया गया कि शनिवार रात उसने परिवार के साथ खाना खाया और इसके बाद अपने कमरे में चला गया। रविवार सुबह वह घर में नहीं मिला तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों को घर से करीब 300 मीटर दूर पेड़ पर उसका शव दिखाई दिया।
सूचना पर पहुंची उरगा पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मृतक के परिजनों के बयान दर्ज करने के साथ यह भी पता लगा रही है कि वह बालको में किस ठेकेदार के अधीन कार्यरत था। कार्यस्थल पर किसी तरह की परेशानी या विवाद की बात भी जांच के दायरे में रखी गई है।
उरगा थाना के एएसआई अमर जायसवाल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















