गोपालपुर गेट के पास राखड़ से लदा ट्रेलर पलटा, सड़क पर फैली राखड़

बाल-बाल बचे राहगीर, हादसे के बाद राखड़ परिवहन की व्यवस्था पर उठे सवाल

कोरबा। दर्री-कटघोरा मुख्य मार्ग पर एनटीपीसी-गोपालपुर गेट के पास राखड़ से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद ट्रेलर में भरी राखड़ सड़क पर फैल गई, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा। गनीमत रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

बताया जा रहा है कि राखड़ से भरा ट्रेलर दर्री-कटघोरा मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान गोपालपुर गेट के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रेलर सड़क किनारे पलट गया। ट्रेलर के पलटते ही उसमें भरी राखड़ सड़क पर बिखर गई।

घटना के बाद मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि हादसे में किसी बड़ी जनहानि की जानकारी सामने नहीं आई है।

राखड़ परिवहन पर फिर उठे सवाल
राखड़ परिवहन को लेकर क्षेत्र में लंबे समय से नियमों की अनदेखी के आरोप लगते रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई वाहन पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के बिना राखड़ का परिवहन करते हैं। ऐसे वाहनों से राखड़ उड़ने के कारण पीछे चलने वाले दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी होती है। वहीं, परिवहन के दौरान सड़क पर गिरने वाली राखड़ से फिसलन और दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।

गोपालपुर गेट के पास ट्रेलर पलटने की घटना के बाद एक बार फिर राखड़ परिवहन व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं।

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और एजेंसियों से राखड़ परिवहन करने वाले वाहनों की नियमित जांच कराने तथा सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि राखड़ को ढककर परिवहन करने और सड़क पर राखड़ गिरने से रोकने की व्यवस्था अनिवार्य रूप से लागू की जानी चाहिए।