मनोज राठौर बने भाजपा आरटीआई प्रकोष्ठ के जिला संयोजक

प्रदेश अध्यक्ष की सहमति और जिला अध्यक्ष की अनुशंसा पर मिली जिम्मेदारी

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी ने सूचना का अधिकार (आरटीआई) प्रकोष्ठ में मनोज राठौर को कोरबा जिला संयोजक नियुक्त किया है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव की सहमति और भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी की अनुशंसा पर यह नियुक्ति की गई।

नई जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। संगठन ने उम्मीद जताई कि मनोज राठौर आरटीआई अधिनियम के माध्यम से पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। कार्यकर्ताओं और जिला संगठन के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में आरटीआई प्रकोष्ठ जिले में और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी तरीके से कार्य करेगा।

नियुक्ति पर मनोज राठौर ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। जनहित और संगठन के उद्देश्यों को प्राथमिकता देते हुए कार्य करना उनकी प्रमुख प्राथमिकता होगी।