बायपास और थाना चौक से हटाए जाएं बेतरतीब खड़े ट्रेलर

थाना प्रभारी को रजनीश तिवारी ने सौंपा ज्ञापन

कोरबा। दीपका-हरदीबाजार बायपास मार्ग, थाना चौक और कॉलोनी प्रवेश मार्ग पर सड़कों के किनारे बेतरतीब खड़े ट्रेलरों से बढ़ रही यातायात समस्या को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री एवं रायगढ़ प्रभारी रजनीश तिवारी ने दीपका थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा।

उन्होंने मुख्य मार्ग और नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े भारी वाहनों को तत्काल हटाने तथा वाहन चालकों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया है कि कोयला परिवहन और औद्योगिक गतिविधियों में लगे भारी ट्रेलर मुख्य मार्ग और सड़क किनारे खड़े कर दिए जाते हैं। इससे आए दिन यातायात बाधित होने के साथ लंबा जाम लग रहा है। खासकर सुबह-शाम के व्यस्त समय में लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है।

दीपका-गेवरा क्षेत्र कोयला खदानों और औद्योगिक इकाइयों का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिदिन हजारों श्रमिक, कर्मचारी, व्यापारी और आम नागरिक आवागमन करते हैं। ऐसे में मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की पार्किंग से सड़क का बड़ा हिस्सा घिर जाता है और छोटे वाहनों के लिए निकलना मुश्किल हो जाता है।

मोड़ों पर खड़े ट्रेलरों से हादसे का खतरा
रजनीश तिवारी ने कहा कि सड़क किनारे और नो-पार्किंग जोन में खड़े ट्रेलरों से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। रात के समय तथा मोड़ों के आसपास खड़े भारी वाहनों से दृश्यता प्रभावित होती है। इससे दुपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को विशेष रूप से खतरा रहता है। उन्होंने यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए ऐसे वाहनों की पार्किंग पर प्रभावी रोक लगाने और नियमित कार्रवाई की मांग की।