कोरबा। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि जनप्रतिनिधि अपने वार्ड में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लोग स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और बीमारियों को लेकर भी उनके पास पहुंचते हैं। ऐसे में जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे नागरिकों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और बीमारियों से बचाव की जरूरी जानकारी देकर जागरूक करें।
नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित एक दिवसीय संवेदीकरण एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर महापौर ने कहा कि स्वास्थ्य बेहद महत्वपूर्ण विषय है और इसे लेकर निरंतर गंभीरता बरतने की जरूरत है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्यशाला के माध्यम से जनप्रतिनिधियों को दी जा रही जानकारी का लाभ वार्डों के नागरिकों तक पहुंचना चाहिए।
सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि कार्यशाला में स्वास्थ्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों को जानने और समझने का अवसर मिला। जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति लोगों को लगातार जागरूक करते रहें।
मेयर इन काउंसिल सदस्य नरेंद्र देवांगन ने भी कार्यशाला को उपयोगी बताते हुए कहा कि इसमें स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं, जिन्हें जनप्रतिनिधियों को अपने वार्डों तक पहुंचाना चाहिए।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की सीपीएम श्रीमती ज्योत्सना ने राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन की जानकारी दी। डॉ. अविश पांडेय ने विभिन्न मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए।
वहीं डॉ. बी.आर. रात्रे ने टीबी एवं कुष्ठ रोग के लक्षण, कारण, बचाव और उपचार के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
कार्यशाला में जनप्रतिनिधियों को स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों की जानकारी भी दी गई।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















