कुसमुंडा कॉलोनी में तेज रफ्तार का कहर, बाल-बाल बचे राहगीर; कार्रवाई की मांग
कोरबा। कुसमुंडा कॉलोनी में शराब के नशे में दो चारपहिया वाहनों के बीच कथित रेसिंग का मामला सामने आया है। तेज रफ्तार में दौड़ रहे दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई।
इसके बाद एक वाहन अनियंत्रित होकर शिव मंदिर की दीवार से जा भिड़ा। घटना के दौरान सड़क पर मौजूद कई लोग बाल-बाल बच गए।
बताया जा रहा है कि दोनों वाहन चालक कॉलोनी की सड़कों पर तेज रफ्तार से वाहन चला रहे थे। रेसिंग के दौरान दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक वाहन चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सीधे शिव मंदिर की दीवार से जा टकराया। जोरदार टक्कर से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में वाहन चालकों की लापरवाही के प्रति नाराजगी है। उनका कहना है कि कॉलोनी क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। शराब के नशे में वाहन चलाने के साथ रेसिंग जैसी हरकतें राहगीरों और कॉलोनीवासियों के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से नशे में वाहन चलाने और तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने के साथ ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते इस तरह की घटनाओं पर रोक नहीं लगाई गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















