पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग को लेकर बैंककर्मियों की हड़ताल

कोरबा में बैंकिंग सेवाएं ठप, अन्य लंबित मांगों को लेकर भी किया प्रदर्शन; 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल की चेतावनी

कोरबा। पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने समेत विभिन्न लंबित मांगों को लेकर बैंक कर्मचारियों ने गुरुवार को हड़ताल कर प्रदर्शन किया। हड़ताल के कारण कोरबा में राष्ट्रीयकृत बैंकों की बैंकिंग गतिविधियां प्रभावित रहीं।

कर्मचारियों ने यूनियन के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए सरकार और बैंक प्रबंधन से मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।

पंजाब नेशनल बैंक की मैनेजर एवं कोरबा-बिलासपुर यूनिट की एग्जीक्यूटिव मेंबर पलक दास ने कहा कि बैंक कर्मचारी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ देश की बैंकिंग व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इसके बावजूद लंबे समय से लंबित जायज मांगों पर अपेक्षित निर्णय नहीं लिया गया है।

उन्होंने कहा कि बैंक कर्मचारी देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। सरकार और बैंक प्रबंधन को कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए ठोस निर्णय लेना चाहिए। पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह समय की आवश्यकता है। इससे कर्मचारियों को बेहतर कार्य-जीवन संतुलन मिलेगा और वे अधिक ऊर्जा व दक्षता के साथ ग्राहकों को सेवाएं दे सकेंगे।

बैंक यूनियनों ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी है। यूनियन के अनुसार 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। इसके बाद 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी गई है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने पर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।