सेवा संकल्प अभियान को लेकर नगर मंडल की कार्यशाला, 17 सितंबर से महीनेभर चलेगा जनसंपर्क और सेवा अभियान
कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से भाजपा का सेवा संकल्प अभियान शुरू होगा। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में जिलेभर में सेवा, जनजागरूकता और जनसंपर्क से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। भाजपा कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।
पंडित दीनदयाल कुंज स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित नगर मंडल की कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि व्यापक जनसंपर्क अभियान के रूप में संचालित किया जाएगा। कार्यकर्ता आम नागरिकों के साथ ही सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से भी संपर्क करेंगे और उन्हें योजनाओं, उपलब्ध सुविधाओं तथा सरकार के जनहितकारी कार्यों की जानकारी देंगे।
उन्होंने कहा कि लोगों तक यह संदेश पहुंचाना जरूरी है कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति के हित को केंद्र में रखकर कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को पूरी गंभीरता, सक्रियता और समन्वय के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
कार्यशाला का शुभारंभ जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी सहित अन्य पदाधिकारियों ने भारत माता और जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
इस दौरान अभियान की रूपरेखा, प्रस्तावित गतिविधियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यशाला में जिला भाजपा कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, नगर मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा, महामंत्री राहुल शुक्ला, कोषाध्यक्ष सुकेश दलाल, पार्षद प्रभा राठौर, रूबी सागर, सुलोचना यादव, राधा महंत सहित 17 वार्डों के बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रभारी और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















