दीपका क्रॉसिंग पर असामाजिक तत्वों की करतूत; इंजन का कांच टूटा, खून से लथपथ हुआ पायलट, पुलिस जांच में जुटी
कोरबा। दीपका रेलवे क्रॉसिंग के पास चलती मालगाड़ी के इंजन पर अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया। पत्थर इंजन का कांच तोड़ते हुए लोको पायलट के सिर पर जा लगा। हमले में लोको पायलट सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों में आक्रोश है।
जानकारी के मुताबिक कोरबा रेलवे कॉलोनी निवासी लोको पायलट सुनील कुमार मालगाड़ी लेकर गेवरा खदान की ओर जा रहे थे। दीपका रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचते ही अचानक कुछ लोगों ने इंजन पर पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। एक पत्थर इंजन के दरवाजे का कांच तोड़ते हुए सीधे सुनील कुमार के सिर पर जा लगा। चोट लगते ही उनके सिर से खून बहने लगा।
पथराव के बाद मालगाड़ी रोकनी पड़ी। घायल लोको पायलट ने घटना की जानकारी तत्काल रेलवे के अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
रेलवे कर्मचारियों में आक्रोश
रेलवे कर्मचारियों का कहना है कि चलती ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। ऐसी हरकतों से लोको पायलट और अन्य रेलकर्मियों की जान खतरे में पड़ सकती है। यदि पत्थर किसी अन्य संवेदनशील हिस्से या यात्री डिब्बे में लगता तो बड़ा हादसा हो सकता था। कर्मचारियों ने आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
दीपका पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। पथराव करने वालों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















