ओवरटेक के दौरान हाइड्रा ने बाइक को चपेट में लिया, 3 साल की मासूम की मौत

माता-पिता घायल, हादसे के बाद वाहन छोड़ चालक फरार; बांगो पुलिस जांच में जुटी

कोरबा।बांगो थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में हाइड्रा की चपेट में आने से बाइक सवार परिवार की 3 वर्षीय मासूम स्नेहा पोर्ते की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसके माता-पिता भी घायल हुए हैं। घटना के बाद हाइड्रा चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

परिजनों के मुताबिक परिवार बाइक से जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे हाइड्रा ने पहले बाइक को साइड किया। आरोप है कि ओवरटेक करते समय चालक ने अचानक वाहन की रफ्तार बढ़ा दी, जिससे बाइक सवार परिवार हाइड्रा की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और मासूम स्नेहा हाइड्रा के पहिए में फंस गए। गंभीर चोट लगने से बच्ची ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल माता-पिता को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी-उपरोड़ा ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया।

इधर, हादसे के बाद हाइड्रा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची बांगो पुलिस ने मर्ग कायम कर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच के साथ फरार चालक की तलाश कर रही है।

घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।