संकरी गली में तेज रफ्तार ट्रैक्टर से मची अफरा-तफरी, बाल-बाल बचे रहवासी
कोरबा। सीतामढ़ी वार्ड क्रमांक 11 की रमेश गली में रेत से लदे ट्रैक्टर के घुसने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि खनिज विभाग की टीम को देखकर कार्रवाई से बचने के प्रयास में चालक ट्रैक्टर को तेज रफ्तार में संकरी रिहायशी गली में ले गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
जानकारी के मुताबिक रेत से लदा ट्रैक्टर क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान खनिज विभाग की टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। टीम को कार्रवाई करते देख चालक ने अचानक ट्रैक्टर को रमेश गली की ओर मोड़ दिया। इसके बाद वह संकरी आबादी वाली सड़क में तेज गति से वाहन दौड़ाता हुआ आगे निकल गया। ट्रैक्टर को इस तरह गली में घुसते देख वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
रहवासियों के अनुसार रमेश गली में दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। यहां बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी नियमित रूप से आते-जाते हैं। ऐसे में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में कोई व्यक्ति आ जाता तो गंभीर हादसा हो सकता था। घटना के बाद रहवासियों में रेत परिवहन को लेकर नाराजगी देखी गई।
लोगों का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्रों की संकरी गलियों में भारी वाहनों की आवाजाही पहले से ही परेशानी और खतरे का कारण बनी हुई है। यदि कार्रवाई से बचने के लिए रेत परिवहन में लगे वाहन रिहायशी इलाकों में तेज गति से दौड़ाए जाएंगे तो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
वार्डवासियों ने प्रशासन और खनिज विभाग से रेत के अवैध परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा आबादी वाले क्षेत्रों में भारी वाहनों की आवाजाही पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
फिलहाल ट्रैक्टर के खिलाफ मौके पर क्या कार्रवाई की गई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















