सप्तदेव मंदिर में आज गूंजेगा राणी सती दादी का मंगल पाठ

भादी अमावस्या उत्सव में 501 महिलाएं करेंगी भक्ति आराधना, गुजरात से पहुंची कलाकार वर्षा सोनी की टीम

कोरबा। भादी अमावस्या उत्सव के अवसर पर श्री सप्तदेव मंदिर में 11 सितंबर को राणी सती दादी की भक्ति आराधना का विशेष आयोजन होगा। मंदिर की महिला समिति मंडल की ओर से दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक राणी सती दादी चरित्र मानस मंगल पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसमें 501 महिलाएं सामूहिक रूप से मंगल पाठ में शामिल होंगी।

कार्यक्रम के लिए गुजरात से प्रसिद्ध कलाकार वर्षा सोनी अपनी पूरी टीम एवं कलाकारों के साथ कोरबा पहुंच चुकी हैं। भजन-कीर्तन और मंगल पाठ के माध्यम से श्रद्धालु दादी की भक्ति में सराबोर होंगे। आयोजन में चयनित प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनकी धार्मिक एवं सांस्कृतिक सहभागिता का सम्मान भी किया जाएगा।

श्री सप्तदेव मंदिर के प्रमुख ट्रस्टी अशोक मोदी ने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति में धार्मिक पर्व केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये आस्था, संस्कार, संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर दादी की भक्ति का लाभ लेने की अपील की।