एनटीपीसी पर 15 लाख की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति

रूमगरा में अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग करते पकड़े गए वाहन, पर्यावरण संरक्षण मंडल की कार्रवाई

कोरबा। रूमगरा हवाई पट्टी चौक के पास अवैध रूप से फ्लाई ऐश डंप किए जाने के मामले में छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में एनटीपीसी लिमिटेड, जमनीपाली के धनरास राखड़ बांध से फ्लाई ऐश लाकर डंप किए जाने की पुष्टि के बाद कंपनी पर 15 लाख रुपए की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई है।

क्षेत्रीय कार्यालय कोरबा को दूरभाष से मिली सूचना के आधार पर पर्यावरण संरक्षण मंडल की टीम ने 9 सितंबर की रात रूमगरा हवाई पट्टी चौक के समीप गुप्ता होटल के पास कार्रवाई की। यहां वाहनों से फ्लाई ऐश की अवैध डंपिंग की जा रही थी। जांच के दौरान सामने आया कि वाहनों में एनटीपीसी जमनीपाली के धनरास राखड़ बांध से फ्लाई ऐश लोड कर संबंधित स्थल पर डंप की जा रही थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय अधिकारी प्रसन्ना सोनकर ने एनटीपीसी के अधिकारियों को तत्काल अवैध डंपिंग की जानकारी देकर आवश्यक निर्देश दिए। मौके पर डंप फ्लाई ऐश की मात्रा के आधार पर एनटीपीसी के विरुद्ध 15 लाख रुपए की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति तय की गई।

क्षेत्रीय अधिकारी सोनकर ने कहा कि फ्लाई ऐश के अवैध परिवहन और डंपिंग पर पर्यावरण संरक्षण मंडल लगातार निगरानी रख रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को पकड़कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि फ्लाई ऐश की अवैध डंपिंग गंभीर पर्यावरणीय उल्लंघन है। भविष्य में ऐसी गतिविधि मिलने पर संबंधित व्यक्ति या संस्था के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति भी अधिरोपित की जाएगी।