यंग लीडर्स डायलॉग से युवाओं को मिलेगा बड़ा मंच : ईशा गौतम

विकसित भारत के निर्माण पर युवा साझा करेंगे विचार; कोरबा से 17,357 युवाओं को क्विज में शामिल कराने का लक्ष्य

कोरबा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की मेरा युवा भारत पहल के अंतर्गत आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग युवाओं को अपनी प्रतिभा और विचारों को राष्ट्रीय मंच पर रखने का अवसर देगा। इसके माध्यम से युवा विकसित भारत के निर्माण को लेकर अपने विचार, दृष्टिकोण और सुझाव साझा कर सकेंगे।

जिला युवा अधिकारी ईशा गौतम ने कोरबा में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि यंग लीडर्स डायलॉग के तहत कुल छह अलग-अलग ट्रैक शामिल किए गए हैं। इनमें ‘विकसित भारत चैलेंज’ प्रमुख ट्रैक है। यह प्रतियोगिता कुल पांच चरणों में आयोजित की जा रही है।

20 सवाल, 10 मिनट में क्विज

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के पहले चरण में क्विज स्पर्धा आयोजित होगी, जिसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। ऑनलाइन क्विज में कुल 20 प्रश्न होंगे, जिन्हें हल करने के लिए प्रतिभागियों को लगभग 10 मिनट का समय मिलेगा। क्विज के माध्यम से चयनित प्रतिभागी अगले चरण में डिजिटल फॉर्मेट में निबंध प्रस्तुत करेंगे।

छत्तीसगढ़ के लिए जनजातीय समुदाय एवं समावेशी विकास विषय

ईशा गौतम ने बताया कि छत्तीसगढ़ के लिए निबंध का प्रमुख विषय ‘जनजातीय समुदाय एवं समावेशी विकास’ निर्धारित किया गया है। इसके बाद चयनित युवाओं को जिला स्तर से आगे बढ़ते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर युवाओं को अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और विचारों को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं से प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।

कोरबा से 17,357 युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य

जिला युवा अधिकारी ने बताया कि कोरबा जिले में इस क्विज प्रतियोगिता से 17,357 युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाते हुए विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।