पुल चोरी मामले के आरोपी मुकेश साहू पर जिलाबदर की कार्रवाई

कोरबा। रशियन हॉस्टल के पास नहर पर बने लोहे के पुल की दुस्साहसिक चोरी के मामले में आरोपी मुकेश कुमार साहू उर्फ बरबट्टी के खिलाफ जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत ने आरोपी को एक वर्ष के लिए जिलाबदर करने का आदेश जारी किया है।

जारी आदेश के अनुसार मुकेश कुमार साहू को जिला कोरबा सहित बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, रायगढ़, सरगुजा, सूरजपुर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर तथा गौरेला- पेण्ड्रा- मरवाही जिलों की राजस्व सीमाओं से एक वर्ष की अवधि के लिए बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

पुल चोरी के मामले में हुई कार्रवाई
रशियन हॉस्टल के समीप नहर पर बने लोहे के पुल को चोरी किए जाने की घटना ने क्षेत्र में काफी चर्चा बटोरी थी। मामले में आरोपी मुकेश साहू के विरुद्ध कार्रवाई के बाद अब जिला प्रशासन ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे जिले से बाहर करने का आदेश दिया है।

जिला दण्डाधिकारी के आदेश के बाद आरोपी को निर्धारित अवधि तक संबंधित जिलों की राजस्व सीमाओं में प्रवेश नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।