डीपीएस बालको में नई स्कूल कैबिनेट का गठन, विद्यार्थियों ने ली पद की शपथ

इन्वेस्टिचर सेरेमनी में हेड बॉय आरव गर्ग और हेड गर्ल उर्वी साहू ने संभाली जिम्मेदारी

कर्नल सेंथिल कुमार ने बैज व सैश पहनाकर विद्यार्थियों को किया सम्मानित

कोरबा। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बालको में सत्र 2026-27 के लिए नई स्कूल कैबिनेट के गठन के अवसर पर इन्वेस्टिचर सेरेमनी का आयोजन किया गया। 31 अगस्त को आयोजित समारोह में विद्यार्थियों को विभिन्न दायित्व सौंपे गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 1 सीजी बटालियन एनसीसी, कोरबा के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सेंथिल कुमार एस. एवं श्रीमती विनीता सिंह रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना और पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। प्राचार्य कैलाश पवार ने पौधे भेंटकर मुख्य अतिथियों का स्वागत किया।

समारोह के दौरान कर्नल सेंथिल कुमार ने नवनियुक्त सीनियर स्कूल कैबिनेट के सदस्यों को उनके पद के अनुरूप बैज एवं सैश पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद कैबिनेट सदस्यों को उनके दायित्व एवं कर्तव्यों की शपथ दिलाई गई।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर जोर
कर्नल सेंथिल कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्कूल में मिली जिम्मेदारियां नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने तथा भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने विद्यालय और माता-पिता का नाम रोशन करने के लिए निरंतर प्रयास करें।

प्राचार्य कैलाश पवार ने नवनियुक्त कैबिनेट सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और अनुशासन के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को मिले नेतृत्व के अवसर का उपयोग स्कूल की गतिविधियों को बेहतर बनाने और अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनने में करना चाहिए।

आरव और उर्वी ने लिया सर्वश्रेष्ठ योगदान का संकल्प
समारोह में हेड बॉय आरव गर्ग और हेड गर्ल उर्वी साहू ने विद्यालय के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और स्कूल के विकास एवं गतिविधियों में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का संकल्प लिया।

नवनियुक्त कैबिनेट सदस्यों को उनके पद की जिम्मेदारी संभालते हुए देखकर अभिभावकों में भी उत्साह और गर्व का माहौल रहा।समारोह के दौरान विद्यार्थियों को नेतृत्व, अनुशासन और जिम्मेदारी के महत्व से परिचित कराया गया।

कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक सचिव ईशा पटेल ने अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।