3.40 करोड़ की लागत से 33/11 केवी, 5 एमवीए क्षमता का सब स्टेशन
मंत्री लखनलाल ने किया भूमिपूजन, आसपास के क्षेत्रों में सुधरेगी बिजली आपूर्ति
कोरबा। बालको क्षेत्र से लगे जामबहार में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। यहां छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के ग्रामीण संभाग द्वारा 33/11 केवी, 5 एमवीए क्षमता वाले नए विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कराया जा रहा है। करीब 3 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से बनने वाले इस उपकेंद्र का भूमिपूजन उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया।
विभाग ने निर्माण कार्य को निर्धारित समय से पहले पूरा कर जल्द चार्ज करने की योजना बनाई है।
नए उपकेंद्र के अस्तित्व में आने से जामबहार सहित आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इससे वर्तमान में आसपास के अन्य उपकेंद्रों पर पड़ रहे विद्युत भार को कम करने में भी मदद मिलेगी और उपभोक्ताओं को अपेक्षाकृत बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति उपलब्ध हो सकेगी।
4500 से अधिक उपभोक्ताओं को सीधा लाभ
विद्युत विभाग के अनुसार नए सब स्टेशन से 4500 से अधिक उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्र में जामबहार, रोकबहरी, सोनपुरी, परसाबातेल, भटगांव और चुहिया सहित कई गांवों को इसका फायदा मिलेगा। वहीं शहरी क्षेत्र के रूमगरा, बेलगिरी बस्ती, मदरसा मोहल्ला, हवाई पट्टी, खान मोहल्ला और जोगियाडेरा क्षेत्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था भी इससे बेहतर होगी।
नए उपकेंद्र के शुरू होने के बाद आसपास के मौजूदा सब स्टेशनों पर विद्युत भार कम होगा। इससे लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली बाधित होने जैसी समस्याओं में कमी आने तथा विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद है।
‘पावर हब’ को मजबूत बिजली व्यवस्था की जरूरत
भूमिपूजन कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि कोरबा छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख बिजली उत्पादक क्षेत्रों में शामिल है। यहां से देश के बड़े हिस्से के लिए बिजली का उत्पादन होता है। ऐसे में जिले के प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर और सुगम विद्युत सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा है कि प्रदेश का कोई भी घर समुचित बिजली सुविधा से वंचित न रहे। इसी दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। मंत्री ने अपने घर में सोलर प्लांट लगाने का उल्लेख करते हुए सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की आवश्यकता भी बताई।
वनांचल क्षेत्र में मजबूत होगी बिजली व्यवस्था
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने कहा कि कोरबा की पहचान बिजली और कोयला उत्पादन के लिए है। ऐसे में जिले के किसी भी हिस्से में विद्युत व्यवस्था को लेकर परेशानी नहीं होनी चाहिए। नए उपकेंद्र के निर्माण से क्षेत्र के लोगों की समस्याएं कम होंगी।
जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया ने कहा कि जामबहार चारों ओर से वन क्षेत्र से घिरा हुआ है। ऐसे क्षेत्र में बिजली व्यवस्था का सुदृढ़ होना बेहद आवश्यक है। नए सब स्टेशन से ग्रामीणों को काफी सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में पार्षद नरेंद्र देवांगन, पार्षद सीमा कंवर, जामबहार सरपंच उपन सिंह कंवर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, गढ़उपरोड़ा मंडल अध्यक्ष हरिशंकर यादव सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, विद्युत विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















