स्मार्ट मीटर पर गरमाई सियासत, कांग्रेस ने सरकार से मांगा जवाब

0 नोबेल वर्मा का तंज- ‘बिजली-पानी हमारा, मीटर अडानी का, यह नहीं चलेगा’

कोरबा। स्मार्ट मीटर और बिजली बिल को लेकर कोरबा में सियासी हलचल तेज हो गई है। बिजली बिल में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर हमला बोला है।

जिला कांग्रेस कार्यालय टीपी नगर में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पूर्व मंत्री नोबेल वर्मा, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल सहित कांग्रेस नेताओं ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए सरकार से उपभोक्ताओं की शिकायतों की जांच कराने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कोरबा देश का प्रमुख बिजली उत्पादक क्षेत्र है। सीएसईबी और एनटीपीसी सहित विभिन्न बिजली परियोजनाओं से यहां बड़े पैमाने पर बिजली का उत्पादन होता है, लेकिन इसी क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने के बाद बिलिंग व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं के बीच कई तरह की आशंकाएं और असंतोष सामने आ रहे हैं। सरकार को इन शिकायतों का समाधान करने के साथ व्यवस्था की पारदर्शिता भी सुनिश्चित करनी चाहिए।

बिजली-पानी हमारा, मीटर अडानी का, यह नहीं चलेगा’
पूर्व मंत्री नोबेल वर्मा ने स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा, “बिजली-पानी हमारा, मीटर अडानी का, यह नहीं चलेगा।” उन्होंने कहा कि महंगाई के इस दौर में बिजली बिल का बढ़ता बोझ आम परिवारों की परेशानी बढ़ा रहा है।

स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं में यदि किसी तरह की शंका या शिकायत है तो सरकार को उसका परीक्षण कराकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली, रीडिंग और बिल निर्धारण की प्रक्रिया की जांच की मांग की। नेताओं ने कहा कि उपभोक्ताओं को यह स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए कि स्मार्ट मीटर में बिजली की खपत किस तरह दर्ज होती है और उसी आधार पर बिल कैसे तैयार किया जाता है। किसी उपभोक्ता को गलत बिल मिलने की शिकायत है तो उसका तत्काल निराकरण किया जाना चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कोरबा बिजली उत्पादन के मामले में प्रदेश और देश में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। ऐसे में यहां के उपभोक्ताओं को बिजली व्यवस्था का लाभ पारदर्शी और उपभोक्ता हितैषी तरीके से मिलना चाहिए। पार्टी ने सरकार से बिजली बिलिंग व्यवस्था की समीक्षा करने तथा स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।

प्रेस कांफ्रेंस में जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा के ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू सहित वरिष्ठ नेता, ब्लॉक अध्यक्ष, पार्षदगण एवं पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।