एनईपी-2020 से रूबरू हुए नवप्रवेशित विद्यार्थी, पाठ्यक्रम और शैक्षणिक व्यवस्था की दी जानकारी

स्वामी आत्मानंद महाविद्यालय में प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित

कोरबा। स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय, कोरबा में प्रथम सेमेस्टर में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (एनईपी) की जानकारी देने के उद्देश्य से इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बीए, बीएससी एवं बीकॉम प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एल.एन. कंवर ने की।

महाविद्यालय की एनईपी नोडल अधिकारी एवं सहायक प्राध्यापक हिन्दी डॉ. डेजी कुजूर ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रमुख प्रावधानों एवं उद्देश्यों की संक्षिप्त जानकारी दी।

एनईपी के प्रावधानों और पाठ्यक्रम व्यवस्था को समझा
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं कोरबा जिले के एनईपी मास्टर ट्रेनर डॉ. संदीप शुक्ला, सहायक प्राध्यापक वनस्पतिशास्त्र ने विद्यार्थियों को एनईपी-2020 के विभिन्न प्रावधानों, उद्देश्यों और नई पाठ्यक्रम व्यवस्था की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

उन्होंने विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति के अनुरूप अध्ययन पद्धति, विषय चयन और पाठ्यक्रम संरचना को समझाया।

प्राचार्य डॉ. एल.एन. कंवर ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय के नियमों एवं अनुशासन का पालन करने के साथ विभिन्न शैक्षणिक और सहशैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालयीन जीवन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण चरण है, इसलिए अध्ययन के साथ अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय रहना चाहिए।

विभिन्न संकायों के पाठ्यक्रमों की दी जानकारी
कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक पूजा सिंह एवं दिव्या पटेल ने महाविद्यालय में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी विद्यार्थियों को दी। एनईपी-2020 के तहत प्रथम सेमेस्टर में डीएससी एवं जीई के अंतर्गत कला संकाय में राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, अंग्रेजी साहित्य एवं भूगोल विषय संचालित हैं।

वाणिज्य संकाय में वाणिज्य विषय तथा विज्ञान संकाय में रसायनशास्त्र, गणित, कंप्यूटर साइंस एवं भौतिकशास्त्र के पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त एईसी के अंतर्गत पर्यावरण अध्ययन, हिन्दी भाषा एवं अंग्रेजी भाषा के पाठ्यक्रम भी विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध हैं।

इंडक्शन कार्यक्रम के माध्यम से नवप्रवेशित विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति के अनुरूप महाविद्यालय की शैक्षणिक संरचना, विषय चयन, पाठ्यक्रम एवं महाविद्यालयीन गतिविधियों की जानकारी मिली, जिससे उन्हें उच्च शिक्षा की नई व्यवस्था को समझने में सहायता मिली।