मंत्री लखनलाल और महापौर संजूदेवी राजपूत ने किया लोकार्पण, बोले-जनसुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता
कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के दर्री जोन क्षेत्र के नागरिकों को सामाजिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सोमवार को बड़ी सौगात मिली। दर्री जोन के विभिन्न क्षेत्रों में नवनिर्मित 7 सामुदायिक भवनों का लोकार्पण कैबिनेट मंत्री एवं नगर विधायक लखनलाल देवांगन तथा महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने किया। इन भवनों के निर्माण पर करीब 10 से 25 लाख रुपये तक की राशि खर्च की गई है।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई जा रही है। इसका सीधा लाभ शहर और वार्डों के नागरिकों को मिल रहा है। सरकार की प्राथमिकता लोगों की मूलभूत जरूरतों को पूरा करने के साथ सामुदायिक सुविधाओं का विस्तार करना है।
इन क्षेत्रों में बने सामुदायिक भवन
दर्री जोन अंतर्गत सलिहाभांठा, नागिनभांठा बस्ती, जमनीपाली हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, गोपालपुर स्थित माता चौरा, सरदार वल्लभभाई पटेल नगर साडा शिव मंदिर, दर्रीखार क्रमांक-1 कन्या शाला तथा प्रगतिनगर लेबर कॉलोनी दर्री में इन सामुदायिक भवनों का निर्माण कराया गया है।
नए भवनों से स्थानीय नागरिकों को सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं अन्य सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुविधा मिलेगी। अब विभिन्न आयोजनों के लिए लोगों को निजी स्थानों पर निर्भरता कम होगी।
1100 करोड़ के विकास कार्य स्वीकृत
मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि विगत ढाई वर्षों में नगर निगम क्षेत्र में करीब 1100 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें बड़ी संख्या में कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि कई विकास कार्य प्रगतिरत हैं। उन्होंने कहा कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र तक विकास कार्यों का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि निगम क्षेत्र में विकास की नई गाथा लिखी जा रही है। विकास कार्यों से बड़ी संख्या में नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन का प्रयास है कि लोगों को बेहतर मूलभूत एवं नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हों और शहर के सभी क्षेत्रों का समुचित विकास हो।
कार्यक्रम में सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पार्षद नरेंद्र देवांगन, एमआईसी सदस्य अजय कुमार चंद्रा, सरोज शांडिल्य, फिरतराम साहू, पार्षद किशनलाल केंवट, मुकुंद सिंह कंवर, सुखविंदर कौर, जनक सिंह राजपूत, कल्याणी बाई यादव, प्रीति दिनेश शर्मा, एल्डरमेन ईश्वर साहू, मनोज अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष मनोज लहरे, नरेंद्र पाटनवार, नारायण सिंह ठाकुर, तुलसी ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















