राष्ट्रीय खेल दिवस पर खिलाड़ियों ने दिखाया कौशल

खेल अकादमी में बास्केटबॉल, फुटबॉल, तैराकी और वॉलीबॉल के रोमांचक मुकाबले

कोरबा। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल अकादमी में शनिवार को खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। अकादमी के प्रशिक्षुओं के बीच बास्केटबॉल, फुटबॉल, तैराकी और वॉलीबॉल के इन-हाउस मुकाबले कराए गए। प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

मुकाबलों के दौरान मैदान से लेकर स्वीमिंग पूल तक खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह और जीत का जुनून देखने को मिला। खिलाड़ियों ने बेहतरीन तकनीक, फिटनेस, अनुशासन, टीमवर्क और रणनीतिक कौशल का परिचय देते हुए एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी। हार-जीत से परे खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए मुकाबलों को उत्साहपूर्ण बनाया।

अभ्यास से मुकाबले तक प्रतिभा परखने का अवसर
इन-हाउस मैचों के आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षुओं को नियमित प्रशिक्षण से बाहर वास्तविक प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण उपलब्ध कराना था। मुकाबलों के माध्यम से खिलाड़ियों को अपने प्रशिक्षण के दौरान अर्जित तकनीक एवं कौशल को मैदान पर आजमाने का अवसर मिला। साथ ही उन्हें अपनी कमजोरियों को पहचानकर उनमें सुधार करने और आत्मविश्वास बढ़ाने का भी मौका मिला।

इस अवसर पर डॉ. विकास नंदा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी के लिए सफलता केवल जीत हासिल करना नहीं, बल्कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और अपनी कमियों को दूर करते हुए हर दिन बेहतर प्रदर्शन करना भी है।

उन्होंने प्रशिक्षुओं से खेल को पूरी गंभीरता और सकारात्मक सोच के साथ अपनाने तथा अपने-अपने खेल में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।