तेज बारिश में जलभराव वाले इलाकों में निगम का अमला रहा मुस्तैद, जेसीबी से कराई पानी की निकासी

सातों जोन में अलर्ट रहा नगर निगम अमला, महापौर-कलेक्टर और आयुक्त के निर्देश पर अधिकारियों ने लिया जायजा

कोरबा। शनिवार को हुई तेज बारिश के बाद शहर के कई वार्डों और बस्तियों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई। बारिश के दौरान जलजमाव की स्थिति पर नजर रखने और तत्काल पानी की निकासी सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिक निगम का अमला सातों जोन में सक्रिय रहा। जोन कमिश्नरों ने अपने-अपने क्षेत्रों में फील्ड विजिट कर स्थिति का जायजा लिया तथा जरूरत वाले स्थानों पर जेसीबी की मदद से जल निकासी के रास्ते बनाए।

कोसाबाड़ी जोन अंतर्गत शिवाजीनगर में लिटिल लैम्प स्कूल के पास, मैगजीनभांठा, रविशंकर नगर, वार्ड क्रमांक 28 में एचपी गैस एजेंसी के समीप, बैंगनडभार बस्ती, कोसाबाड़ी रेलवे लाइन बस्ती, पोड़ीबहार शांतिविहार कॉलोनी, निर्मला स्कूल के पीछे तथा पोड़ीबहार तालाब के समीप सहित अन्य स्थानों पर बारिश का पानी जमा हुआ।

जलभराव की सूचना मिलते ही निगम की टीम संबंधित स्थानों पर पहुंची और जेसीबी के माध्यम से पानी की निकासी के लिए रास्ता तैयार कर जलजमाव दूर कराया। इससे प्रभावित क्षेत्रों में पानी का बहाव सामान्य हुआ और लोगों को राहत मिली।

बारिश के बीच मैदान में उतरे अधिकारी
शनिवार को रुक-रुककर हुई तेज बारिश के चलते शहर के विभिन्न हिस्सों में जलभराव की स्थिति पर लगातार नजर रखी गई। महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देश पर सातों जोन के जोन कमिश्नर अपने अमले के साथ बारिश के बीच फील्ड में सक्रिय रहे।

अधिकारियों ने जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और जहां तत्काल हस्तक्षेप की जरूरत थी, वहां निगम के कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जेसीबी के जरिए जल निकासी के मार्ग बनाए गए, जिससे कई स्थानों पर जमा पानी को बाहर निकाला जा सका।

जलभराव की स्थिति पर निगम की लगातार नजर
नगर निगम द्वारा बारिश के दौरान जलभराव संभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि तेज बारिश के दौरान कहीं भी जलजमाव की स्थिति बनने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि लोगों को आवागमन और जनजीवन में कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।