मंत्री लखनलाल ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, जिले के उत्कृष्ट खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
कोरबा। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को देश के महान हॉकी खिलाड़ी एवं ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद को कोरबा में श्रद्धापूर्वक याद किया गया। नगर पालिक निगम एवं जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में दर्री मुख्य मार्ग स्थित मेजर ध्यानचंद चौक पर आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत एवं सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, खेल संघों के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने मेजर ध्यानचंद के देश के प्रति समर्पण तथा खेल जगत में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन और उपलब्धियां देश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनके खेल कौशल, अनुशासन और देशभक्ति ने भारतीय हॉकी को विश्व स्तर पर पहचान दिलाई।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बालको में हॉकी तथा प्रियदर्शनी इंदिरा स्टेडियम में फुटबॉल और वॉलीबाल खिलाड़ियों के बीच मैत्री एवं संभावना मैच आयोजित किए गए। खेल गतिविधियों के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस दौरान खिलाड़ियों एवं खेल संघों से जुड़े लोगों ने जिले में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने, आपसी सहयोग बढ़ाने तथा खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का संकल्प लिया।
उत्कृष्ट खिलाड़ियों और वरिष्ठ खेल प्रतिभाओं का सम्मान
कार्यक्रम के पश्चात सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इसमें विभिन्न खेलों के माध्यम से जिले को गौरवान्वित करने वाले खिलाड़ियों तथा वरिष्ठ खिलाड़ियों को जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से सम्मानित किया गया।
खिलाड़ियों को सम्मान मिलने से खेल जगत में उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य फिरतराम साहू, पार्षद नरेंद्र देवांगन, जनक सिंह राजपूत, मुकुंद सिंह कंवर, राधा महंत, सीमा कंवर, जिला ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान,सचिव सुरेश क्रिस्टोफर, प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल,दर्री प्रेस क्लब अध्यक्ष अनिल द्विवेदी, सुशील गर्ग, किक बॉक्सिंग के कार्यकारी अध्यक्ष तारकेश मिश्रा, मनोज यादव, निगम अपर आयुक्त पवन वर्मा, जिला क्रीड़ा अधिकारी आरके पाण्डेय, खेल अधिकारी रामकृपाल साहू, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में ताइक्वांडो, ब्रूसू, हॉकी, बॉक्सिंग, वॉलीबाल, तैराकी सहित अन्य खेल संघों के पदाधिकारियों एवं खिलाड़ियों की भी सहभागिता रही। आयोजन का उद्देश्य जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और युवा खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना रहा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















