DMFT की ‘दिशा’ पहल के तहत कक्षा 11वीं एवं ड्रॉपर विद्यार्थियों का होगा चयन, 10 सितंबर तक ऑनलाइन पंजीयन
कोरबा। कोरबा जिले के मेधावी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं NEET एवं JEE की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध कराने की दिशा में DMFT कोरबा की ‘दिशा’ पहल शुरू की गई है। इस पहल के अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों को निःशुल्क आवासीय NEET/JEE कोचिंग प्रदान की जाएगी।
‘दिशा’ का उद्देश्य कोरबा जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर उन्हें NEET एवं JEE जैसी प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षाओं में सफलता के लिए तैयार करना तथा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करना है।
कक्षा 11वीं और ड्रॉपर विद्यार्थी होंगे पात्र
योजना के तहत कक्षा 11वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों तथा ड्रॉपर विद्यार्थियों को अवसर मिलेगा। कक्षा 11वीं के लिए 10वीं में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। वहीं ड्रॉपर के लिए कक्षा 12वीं उत्तीर्ण होना और न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक के साथ इसी वर्ष NEET/JEE की तैयारी के लिए ड्रॉप लेना आवश्यक है।
विद्यार्थियों का चयन पूर्ववर्ती कक्षा के अंकों के आधार पर मेरिट से किया जाएगा। इसके साथ ही आवेदक का कोरबा जिले का पात्र निवासी होना अनिवार्य है।
कोचिंग के साथ आवास और अन्य सुविधाएं
‘दिशा’ योजना के तहत विद्यार्थियों को केवल प्रतियोगी परीक्षा की कोचिंग ही नहीं, बल्कि निःशुल्क आवासीय सुविधा, अनुभवी एवं योग्य फैकल्टी द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, अध्ययन सामग्री, नोट्स एवं टेस्ट सीरीज, सुरक्षित एवं स्वच्छ आवास तथा पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके अलावा विद्यार्थियों को वाई-फाई एवं डिजिटल लर्निंग सपोर्ट, नियमित काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन, समय-समय पर मॉक टेस्ट एवं मूल्यांकन तथा व्यक्तिगत ध्यान एवं समय विकास जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
10 सितंबर तक कर सकेंगे पंजीयन
योजना के लिए ऑनलाइन पंजीयन की अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। कक्षाएं अक्टूबर 2026 से प्रारंभ होने की संभावित जानकारी दी गई है।
इच्छुक विद्यार्थी योजना के पोस्टर में दिए गए NEET कोचिंग पंजीकरण फॉर्म, IIT-JEE कोचिंग पंजीकरण फॉर्म एवं दिशा योजना के दिशा-निर्देश संबंधी QR कोड के माध्यम से जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी अपने ब्लॉक शिक्षा कार्यालय (BEO), जिला शिक्षा कार्यालय (DEO), कोरबा अथवा अपने विद्यालय के प्राचार्य/प्रधानपाठक से संपर्क कर सकते हैं।
‘दिशा’ पहल जिले के मेधावी विद्यार्थियों के लिए मेडिकल और इंजीनियरिंग क्षेत्र में बेहतर करियर की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर के रूप में सामने आई है। योजना से आर्थिक रूप से सक्षम न होने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलने की उम्मीद है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















