कोरबा प्रेस क्लब में नवीन सदस्यता के लिए आवेदन आमंत्रित,15 सितंबर तक जमा होंगे आवेदन

कोरबा। कोरबा प्रेस क्लब की प्रबंध कार्यकारिणी सत्र 2026-28 द्वारा नवीन सदस्यता के लिए निर्धारित प्रारूप में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक एवं पात्र पत्रकार 15 सितंबर 2026 तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।

प्रेस क्लब प्रबंधन के अनुसार आवेदन पत्र टीपी नगर स्थित तिलक भवन कार्यालय में प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक जमा किए जा सकेंगे। सदस्यता के लिए आवेदक के पास कम से कम 3 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव होना आवश्यक है।

आवेदन के साथ आवेदक को स्व-प्रमाणित शपथ पत्र, पहचान पत्र, वर्तमान मीडिया संस्थान का परिचय पत्र अथवा नियुक्ति पत्र तथा प्रकाशित समाचारों/समाचार कतरनों की प्रतियां संलग्न करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा आवेदन फॉर्म में संबंधित संपादक अथवा ब्यूरो प्रमुख की अनुशंसा भी दर्ज होना आवश्यक है।

प्रेस क्लब प्रबंधन ने इच्छुक पत्रकारों से निर्धारित समय- सीमा के भीतर सभी आवश्यक दस्तावेजों एवं स्व-सत्यापित शपथ पत्र के साथ आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है। 15 सितंबर के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।