महिलाओं-बालिकाओं की सुरक्षा होगी मजबूत, बाजारों से पिकनिक स्पॉट तक महिला पुलिसकर्मियों की विशेष टीम रखेगी नजर
कोरबा। आगामी त्योहारों को देखते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने ‘पिंक पेट्रोलिंग’ की शुरुआत की है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय से पिंक पेट्रोलिंग का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं महिला पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पिंक पेट्रोलिंग के तहत महिला सुरक्षा की दृष्टि से चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, सार्वजनिक स्थलों, पिकनिक स्पॉट्स तथा उन स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी,जहां महिलाओं एवं बालिकाओं की आवाजाही अधिक रहती है। इन क्षेत्रों में पुलिस टीम लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेगी।

महिला पुलिसकर्मियों की विशेष टीम रहेगी सक्रिय
पिंक पेट्रोलिंग में महिला थाना सहित विभिन्न थानों और पुलिस इकाइयों में पदस्थ महिला पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। विशेष टीम संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग करेगी तथा किसी भी आपात स्थिति में महिलाओं और बालिकाओं को तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराएगी।
शुभारंभ के बाद पिंक पेट्रोलिंग टीम ने प्रमुख बाजार क्षेत्रों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। आगामी त्योहारों के दौरान बाजारों, पिकनिक स्थलों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में यह पेट्रोलिंग नियमित रूप से जारी रहेगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ छेड़छाड़, पीछा करने या किसी अन्य असामाजिक गतिविधि की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी।
पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में शुभारंभ
पिंक पेट्रोलिंग के शुभारंभ अवसर पर एडिशनल एसपी नितीश ठाकुर, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, डीएसपी यातायात ज्योत्सना चौधरी,प्रशिक्षु पुलिस अधीक्षक आस्था शर्मा एवं रक्षित निरीक्षक अनथ राम पैकरा मौजूद रहे।
पिंक पेट्रोलिंग टीम का नेतृत्व महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक रश्मि थॉमस एवं सौम्या सरस्वती कौशिक द्वारा किया जा रहा है।
कोरबा पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, छेड़छाड़ या परेशानी महसूस होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि ऐसी शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















