भू-विस्थापितों की अनदेखी पर महिला मोर्चा ने एसईसीएल को सौंपा ज्ञापन

अमगांव के प्रभावित परिवारों को लंबित मुआवजा, पुनर्वास और स्थायी रोजगार देने की मांग

कोरबा। ग्राम अमगांव के भू-विस्थापित एवं प्रभावित परिवारों की लंबित समस्याओं को लेकर भाजपा महिला मोर्चा जिला कोरबा ने एसईसीएल गेवरा क्षेत्र के मुख्य महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। महिला मोर्चा की जिला महामंत्री अनुसुईया राठौर के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में प्रभावित परिवारों को लंबित मुआवजा दिलाने, उचित पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन सुनिश्चित करने तथा स्थायी आजीविका उपलब्ध कराने की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया है कि भूमि एवं परिसंपत्तियों के अधिग्रहण के बाद भी ग्राम अमगांव के कई प्रभावित परिवारों को वर्षों से उनके विधिसम्मत अधिकार एवं देय लाभ नहीं मिल पाए हैं। इसके चलते प्रभावित परिवार आर्थिक, सामाजिक और मानसिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

महिला मोर्चा ने मांग की कि ग्राम अमगांव से संबंधित सभी लंबित प्रकरणों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर सात दिनों के भीतर पारदर्शी एवं विधिसम्मत तरीके से उनका निराकरण किया जाए। साथ ही पात्र भू-विस्थापितों को पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन से संबंधित सभी देय लाभ प्रदान करने की मांग की गई।

सात दिन में कार्रवाई नहीं तो आंदोलन की चेतावनी

जिला महामंत्री अनुसुईया राठौर ने कहा कि भू-विस्थापित परिवारों ने विकास परियोजनाओं के लिए अपनी जमीन और परिसंपत्तियां दी हैं। ऐसे में उनके अधिकारों और पुनर्वास से जुड़े मामलों को लंबे समय तक लंबित रखना उचित नहीं है।

उन्होंने एसईसीएल प्रबंधन से प्रभावित परिवारों की समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेकर शीघ्र समाधान करने की मांग की।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय-सीमा के भीतर एसईसीएल प्रबंधन द्वारा ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो महिला मोर्चा प्रभावित परिवारों के साथ मिलकर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेगा और आवश्यकता पड़ने पर जनआंदोलन को तेज किया जाएगा।