नीट में रोशनी ने हासिल की सफलता,सिम्स मे चयन

93 प्रतिशत अंकों से 12वीं उत्तीर्ण कर मेडिकल प्रवेश परीक्षा में लहराया परचम, गांव में खुशी का माहौल

कोरबा। करतला विकासखंड के ग्राम रामपुर की बेटी कु. रोशनी राठिया, पिता राजेंद्र सिंह राठिया ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर नीट-यूजी परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। रोशनी ने छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय सिम्स, बिलासपुर में एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए स्थान प्राप्त किया है।

रोशनी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा शिशु मंदिर रामपुर से शुरू की और कक्षा आठवीं तक की पढ़ाई गांव में ही पूरी की।

इसके बाद उन्होंने प्रयास आवासीय विद्यालय में रहकर अनुशासन और नियमित अध्ययन के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखी। सीमित संसाधनों के बीच निरंतर मेहनत करते हुए उन्होंने अपनी शैक्षणिक क्षमता को मजबूत किया।

वर्ष 2026 में आयोजित कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में रोशनी ने 93 प्रतिशत अंक हासिल किए। मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने के अपने लक्ष्य को लेकर उन्होंने नीट-यूजी की तैयारी शुरू की और परीक्षा में सफलता हासिल कर अपने सपने की ओर महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया।

रोशनी की सफलता से उनके परिवार के साथ-साथ ग्राम रामपुर में भी खुशी का माहौल है। पिता राजेंद्र सिंह राठिया, परिवारजनों और ग्रामवासियों ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

रोशनी की यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र के उन विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े लक्ष्य हासिल करने का सपना देखते हैं।