नगरीय निकायों की योजनाओं व निर्माण कार्यों की समीक्षा, अधूरे कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नगरीय निकाय विभाग की मासिक समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं, निर्माण कार्यों और विकास गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा सभी स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत नगर निगम कोरबा सहित जिले के सभी नगरीय निकायों में आवास निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अप्रारंभ आवास निर्माण कार्यों को तत्काल शुरू कराने तथा निर्माणाधीन आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। इसी तरह अमृत मिशन 2.0 के तहत स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने कहा गया।
कचरा प्रबंधन और स्वच्छता पर जोर
स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सूखे एवं गीले कचरे के पृथक्करण तथा उसके बेहतर प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा सभी निकायों में स्थापित एसएलआरएम सेंटर का सुचारू एवं बेहतर संचालन सुनिश्चित करने कहा।
अधोसंरचना कार्यों की समीक्षा के दौरान वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में स्वीकृत, प्रगतिरत, अपूर्ण और अप्रारंभ कार्यों की स्थिति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने अप्रारंभ कार्यों को तत्काल शुरू कराने, प्रगतिरत कार्यों में तेजी लाने तथा पूर्णता के करीब पहुंच चुके कार्यों को बिना विलंब पूरा कराने के निर्देश दिए।
नगरोत्थान और ई-बस सेवा को गति
कलेक्टर ने नगरोत्थान योजना के अंतर्गत नालंदा परिसर विकास सहित अन्य स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने को कहा। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के संचालन के लिए रूट निर्धारण संबंधी स्वीकृति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में गो-धाम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने सड़कों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर व्यवस्थापित करने तथा इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने नगरीय निकायों में कर वसूली के कार्यों को भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं और निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होने देने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, सभी जोन कमिश्नर, नगरीय निकायों के सीएमओ, उप अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
