रक्षाबंधन को लेकर पुलिस अलर्ट, कटघोरा में निकाला फ्लैग मार्च

बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, बेतरतीब पार्किंग करने वालों को दी समझाइश

कोरबा-कटघोरा। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए बाजारों में बढ़ती भीड़ और यातायात व्यवस्था को लेकर कटघोरा पुलिस अलर्ट मोड पर है। गुरुवार को पुलिस ने न्यू बस स्टैंड से बिलासपुर मार्ग के प्रमुख बाजार क्षेत्रों तक पैदल फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

पुलिस की इस पहल का उद्देश्य त्योहारी सीजन के दौरान आम नागरिकों, दुकानदारों और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना रहा।

फ्लैग मार्च में कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत, थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल हुए। पुलिस बल ने न्यू बस स्टैंड और बिलासपुर मार्ग स्थित बाजार क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर भीड़भाड़ वाले स्थानों की स्थिति का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

रक्षाबंधन की खरीदारी के चलते न्यू बस स्टैंड सहित आसपास के बाजारों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इससे मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव भी बढ़ गया। सड़क किनारे और मुख्य मार्ग पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े किए जाने के कारण कुछ समय के लिए जाम की स्थिति निर्मित हुई।

पार्किंग को लेकर वाहन चालकों को समझाइश
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस जवानों ने सड़क पर अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़ा करने वालों को समझाइश दी। वाहन चालकों से निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर वाहन पार्क करने तथा यातायात में बाधा उत्पन्न नहीं करने की अपील की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्योहारी सीजन में बाजारों में भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जा रही है। फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने जहां लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने का प्रयास किया, वहीं असामाजिक तत्वों को भी कानून-व्यवस्था के प्रति स्पष्ट संदेश दिया।