पाली के युवा पर्वतारोही की नई उपलब्धि, अब माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा लहराने का लक्ष्य
कोरबा। पाली विकासखंड के ग्राम लोहड़िया निवासी युवा पर्वतारोही हरीश कुमार पोर्ते ने प्रसिद्ध पर्वतारोही बलजीत कौर के साथ माउंट युनम पीक पर तिरंगा फहराकर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। हरीश की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
हरीश इससे पहले महज सात दिनों में एवरेस्ट बेस कैंप ट्रैक पूरा कर अपनी साहसिक क्षमता का परिचय दे चुके हैं।
इसके बाद उन्होंने मनाली स्थित अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड अलाइड स्पोर्ट्स (ABVIMAS) से बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स भी सफलतापूर्वक पूरा किया है।
पर्वतारोहण के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहे हरीश ने अब अपने लिए और भी बड़ी चुनौती तय की है। उनका लक्ष्य अगस्त 2026 में केवाई-1 और केवाई-2 चोटियों को फतह करना तथा जुलाई 2027 तक माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराना है। इसके लिए वे लगातार तैयारी और प्रशिक्षण में जुटे हुए हैं।
आर्थिक संसाधनों की कमी बनी चुनौती
हरीश के सामने पर्वतारोहण अभियानों के लिए आवश्यक आर्थिक संसाधन जुटाना बड़ी चुनौती है। उन्होंने सरकार, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, उद्योगों और समाज के लोगों से सहयोग की अपील की है। हरीश का कहना है कि यदि उन्हें आर्थिक सहायता और आवश्यक संसाधन उपलब्ध होते हैं, तो वे अपने एवरेस्ट अभियान के सपने को निश्चित रूप से साकार करेंगे।
गांव से निकलकर राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की पर्वतारोहण चुनौतियों की ओर बढ़ रहे हरीश की उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उनके माउंट युनम पीक पर तिरंगा फहराने से छत्तीसगढ़ के साहसिक खेलों में नई पहचान बनाने की उम्मीद भी मजबूत हुई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















