एसईकेएमसी इंटक ने सांसद ज्योत्सना महंत को सौंपा ज्ञापन,बिलासपुर में लंबे ठहराव का समय उपयोग करने का सुझाव
कोरबा।बिलासपुर स्टेशन पर लंबे समय तक खड़ी रहने वाली नर्मदा एक्सप्रेस समेत चार यात्री ट्रेनों का विस्तार कोरबा अथवा गेवरा रोड स्टेशन तक किए जाने की मांग उठी है।
इस संबंध में साउथ ईस्टर्न कोयला मजदूर कांग्रेस (एसईकेएमसी) इंटक के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद ज्योत्सना महंत को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक पहल करने का आग्रह किया। इस दौरान पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल भी मौजूद रहे।
संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को बताया कि बिलासपुर स्टेशन पर कई यात्री ट्रेनें प्रतिदिन लंबे समय तक खड़ी रहती हैं। यदि इनके ठहराव की अवधि का उपयोग करते हुए ट्रेनों का संचालन कोरबा अथवा गेवरा रोड तक किया जाए, तो कोरबा जिले के यात्रियों, एसईसीएल कर्मचारियों और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिल सकती है।
संगठन के अनुसार इंदौर-बिलासपुर-इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस बिलासपुर में लगभग 21 घंटे 45 मिनट, भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस करीब 19 घंटे 20 मिनट, चिरमिरी-बिलासपुर एक्सप्रेस लगभग 19 घंटे 10 मिनट तथा रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस करीब 10 घंटे तक खड़ी रहती है। संगठन का सुझाव है कि इन ट्रेनों के लंबे ठहराव के समय का सदुपयोग कर इन्हें कोरबा अथवा गेवरा रोड तक बढ़ाया जा सकता है।
एसईसीएल कर्मचारियों को भी मिलेगा लाभ
गोपाल नारायण सिंह ने बताया कि कोरबा जिले में एसईसीएल की गेवरा, कुसमुंडा और दीपका जैसी बड़ी कोयला परियोजनाएं संचालित हैं। इन परियोजनाओं में बड़ी संख्या में कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें मध्यप्रदेश के कटनी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर के अलावा छत्तीसगढ़ के कोरिया तथा मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के कर्मचारी भी शामिल हैं। ट्रेनों के विस्तार से इन कर्मचारियों के साथ आम यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद से रेल मंत्रालय एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष इस मांग को प्रभावी ढंग से उठाने का आग्रह किया। ज्ञापन सौंपने के दौरान केंद्रीय कोषाध्यक्ष संदीप चौधरी, कुसमुंडा क्षेत्र अध्यक्ष बीएल महंत, महासचिव राजू लाल सोनी, महेंद्र पाल यादव, उवैश अहमद, निर्मल चंद्रा, मंतोष कुमार, अश्वनी साहू, सियाराम साहू, लखन श्रीवास, शैलेन्द्र सिंह, विनय गुप्ता और भुनेश्वर साहू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















