खेलों के विकास के लिए देश में हुए ऐतिहासिक कार्य : लखनलाल

राष्ट्रीय खेल दिवस पर कोरबा में ‘खेल की बात-पीएम के साथ’ संवाद कार्यक्रम

कोरबा। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को नगर पालिक निगम कोरबा के पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार में ‘खेलो इंडिया संवाद खेल की बात, पीएम के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन को उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन सहित जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों, खेल संघों के पदाधिकारियों एवं खेलप्रेमियों ने सुना।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों, खेल संघों के प्रतिनिधियों, युवाओं और नागरिकों से वर्चुअल संवाद करते हुए राष्ट्रीय खेल दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को समर्पित है। खेल स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बीते वर्षों में देश में खेलों का तेजी से विस्तार हुआ है और आज खेल युवाओं के लिए बेहतर करियर एवं प्रोफेशन के रूप में उभर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि खेल अब केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बनते जा रहे हैं। खेलों का दायरा और बढ़ाने के साथ अधिक से अधिक युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार खेलों और खिलाड़ियों के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा देश की खेल प्रतिभाओं को आवश्यक अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि देश में खेलों के विकास, खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने और प्रतिभाओं को निखारने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के विकास के लिए ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। खेलों के प्रति युवाओं में बढ़ती रुचि और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने स्वागत भाषण दिया, जबकि जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में सभापति नूतन सिंह ठाकुर, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, एमआईसी सदस्य, पार्षद एवं एल्डरमेन, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, खेलप्रेमी, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।