कोरबा में 300 स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को मिला निःशुल्क फोस्टैक प्रशिक्षण,प्रमाण-पत्र के साथ मिली हाईजिन किट

कोरबा।शहर एवं जिले में स्ट्रीट फूड कारोबार को अधिक सुरक्षित एवं स्वच्छ बनाने की दिशा में खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला कोरबा द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई। खाद्य कारोबारियों में खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 26 एवं 27 अगस्त को होटल टॉप इन टाउन, आईटीआई कोरबा में दो दिवसीय फोस्टैक (FoSTaC) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के 300 स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया गया।

यह प्रशिक्षण अटल नगर, नवा रायपुर स्थित नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के मार्गदर्शन में नेस्ले एवं नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया के सौजन्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला कोरबा की अभिहित अधिकारी श्रीमती पुष्पा खाखा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य पदार्थों पर जोर

खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम, 2006 एवं विनियम, 2011 के प्रावधानों के तहत खाद्य कारोबारियों के लिए फोस्टैक प्रशिक्षण महत्वपूर्ण है। इसी क्रम में फुटपाथों एवं सड़क किनारे खाद्य पदार्थों का व्यवसाय करने वाले विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता के निर्धारित मानकों की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में चाय-नाश्ता एवं भोजन विक्रेता,ठेला-टपरी- खोमचा संचालक,जलेबी-पकौड़ा-भजिया विक्रेता,चाट- गुपचुप-इडली-डोसा विक्रेता, भुंजा एवं फ्रायती दाना विक्रेता, जूस-लस्सी-शेक विक्रेता, फास्ट फूड एवं चाइनीज वेंडर तथा मोबाइल आइसक्रीम-फलूदा विक्रेता सहित अन्य स्ट्रीट फूड कारोबारियों ने हिस्सा लिया।

प्रशिक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों को सुरक्षित एवं स्वच्छ तरीके से तैयार करने, रखने और परोसने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा खाद्य सुरक्षा से संबंधित निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवसाय संचालित करने की जानकारी दी गई। विक्रेताओं को खाद्य पदार्थों में स्वच्छता बनाए रखने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सावधानियों से भी अवगत कराया गया।

300 विक्रेताओं को प्रमाण-पत्र और हाईजिन किट

दो दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले सभी 300 स्ट्रीट फूड वेंडर्स को निःशुल्क प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र एवं हाईजिन किट प्रदान की गई। इस पहल का उद्देश्य स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें निर्धारित मानकों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि आम नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन की इस पहल को स्ट्रीट फूड कारोबारियों के लिए उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता को लेकर जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने पर जोर दिया गया।