कोरबा।प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत जिले में निर्धारित संकेतकों की शत-प्रतिशत संतृप्तता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र, कटघोरा, कोरबा में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में कोरबा, कटघोरा एवं करतला विकासखंड से लगभग 55 कृषि विस्तार अधिकारी एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में योजना के तहत निर्धारित विभिन्न संकेतकों, उनकी वर्तमान प्रगति की समीक्षा, लक्षित हितग्राहियों तक योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इस दौरान योजना के संकेतकों की वर्तमान स्थिति का विश्लेषण करते हुए शेष लक्ष्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए आवश्यक कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योजना से संबंधित गतिविधियों, आंकड़ों की शुद्धता, फील्ड स्तर पर सत्यापन तथा प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने योजना के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से प्राप्त करने तथा जिले में निर्धारित संकेतकों की शत-प्रतिशत संतृप्तता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान योजना के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श कर प्रतिभागियों ने अपने सुझाव भी साझा किए।
प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों की विभिन्न शंकाओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के उद्देश्यों के अनुरूप जिले में कृषि एवं संबंधित क्षेत्रों के विकास को गति देने तथा किसानों एवं लक्षित हितग्राहियों तक योजना का अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में उप संचालक कृषि डी.पी.एस. कंवर, बीज प्रमाणीकरण अधिकारी लखनपुर, सुश्री मंजुला वर्मा,गणेश मिश्रा, बीज प्रक्रिया प्रभारी लखनपुर सी.पी. मिश्रा तथा कृषि विज्ञान केंद्र कोरबा से दीपक तंवर,एम.एस.उर्रे, श्रीमती अर्चना कुर्रे, डॉ. अंजय सिंह एवं सुश्री अनामिका निराला सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















