बांकीमोंगरा नपा की पीआईसी में फेरबदल, अश्वनी मिश्रा को मिली अहम जिम्मेदारी

अश्वनी बने प्रेसिडेंट-इन-काउंसिल सदस्य, राजस्व एवं बाजार समिति के सभापति भी नामित

कोरबा-बांकीमोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा में प्रेसिडेंट-इन-काउंसिल (पीआईसी) के दायित्व में बदलाव किया गया है। पार्षद अश्वनी कुमार मिश्रा को पीआईसी का नया सदस्य नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें राजस्व एवं बाजार समिति का सभापति भी नामित किया गया है।

नगर पालिका में हुए इस बदलाव के बाद अब राजस्व और बाजार से जुड़े मामलों की जिम्मेदारी अश्वनी मिश्रा के कंधों पर होगी।


नगर पालिका परिषद कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक पूर्व पीआईसी सदस्य दिलीप दास की सदस्यता समाप्त किए जाने के बाद रिक्त हुए दायित्व पर अश्वनी कुमार मिश्रा की नियुक्ति की गई है। नगर पालिका की मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती ज्योत्सना टोप्पो ने उन्हें विधिवत नियुक्ति पत्र सौंपा।

जनहित के साथ विकास कार्यों को देंगे प्राथमिकता
नई जिम्मेदारी मिलने पर अश्वनी कुमार मिश्रा ने नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन और नगर पालिका ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास, नागरिक सुविधाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए कार्य किया जाएगा।

राजस्व एवं बाजार समिति के सभापति के रूप में उनकी भूमिका नगर पालिका के राजस्व से जुड़े मामलों तथा बाजार व्यवस्था से संबंधित विषयों में महत्वपूर्ण होगी। ऐसे में नई जिम्मेदारी के साथ उनके सामने नगर पालिका क्षेत्र में राजस्व व्यवस्था को बेहतर बनाने और बाजार से जुड़े मामलों के निराकरण की चुनौती भी रहेगी।

विधायक और मंडल अध्यक्ष से की सौजन्य भेंट
जिम्मेदारी मिलने के बाद अश्वनी कुमार मिश्रा ने विधायक प्रेमचंद पटेल एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा से सौजन्य भेंट की। उन्होंने नई जिम्मेदारी के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए सहयोग की अपेक्षा जताई।

वहीं, अश्वनी मिश्रा को नई जिम्मेदारी मिलने पर उनके समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। लोगों ने उम्मीद जताई कि उनके कार्यकाल में नगर पालिका क्षेत्र में विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को नई गति मिलेगी।