कोरबा। जनपद पंचायत पोंड़ी-उपरोड़ा में विकास कार्यों की स्वीकृति और भुगतान के नाम पर कथित कमीशनखोरी का आरोप लगाते हुए सरपंच संघ ने मोर्चा खोल दिया है। संघ ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तकनीकी सहायक दिलीप मेहता को प्रभारी कार्यक्रम अधिकारी के पद से हटाने और उनके कार्यकाल में हुए कार्यों की जांच कराने की मांग की है।
सरपंच संघ के ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि दिलीप मेहता करीब 4-5 वर्षों से कार्यक्रम अधिकारी के प्रभार में कार्यरत हैं और पद का दुरुपयोग कर ब्लॉक में भ्रष्टाचार कर रहे हैं। संघ के मुताबिक, वीबीजी-रामजी के तहत मटेरियल वर्क की स्वीकृति कराने के लिए 5 से 6 प्रतिशत कमीशन लिया जा रहा है। इससे पहले मनरेगा में भी कार्य स्वीकृति और बिल भुगतान के नाम पर कथित तौर पर इसी दर से कमीशन वसूले जाने का आरोप है। ठेकेदारी और मटेरियल सप्लाई का भुगतान भी सहयोगियों के वेंडर खातों में कराने की बात ज्ञापन में कही गई है।
21 पंचायत भवनों की स्वीकृति में भी कमीशन का आरोप
सरपंच संघ ने आरोप लगाया है कि वीबीजी-रामजी के तहत नवीन 21 पंचायत भवनों के निर्माण की स्वीकृति के लिए जिला पंचायत भेजी गई फाइल में 6 प्रतिशत कमीशन की मांग की जा रही है। वहीं, बालिका शौचालय और पीडीएस भवनों की स्वीकृति के लिए भी 5 से 6 प्रतिशत कमीशन मांगे जाने का आरोप लगाया गया है।
कुआं निर्माण में 25 हजार तक लेने का दावा
ज्ञापन में मनरेगा के तहत हितग्राही मूलक कुआं निर्माण के लिए प्रति कुआं स्वीकृति के नाम पर 10 हजार रुपए और बिल भुगतान के लिए 15 हजार रुपए कथित कमीशन लेने का आरोप लगाया गया है। संघ के अनुसार, मटेरियल भुगतान के लिए एफटीओ तैयार किया गया, लेकिन भुगतान अब तक लंबित है।
सरपंच संघ ने कहा कि पोंड़ी-उपरोड़ा आदिवासी बहुल ब्लॉक है, जहां आदिवासी सरपंचों को भोला-भाला समझकर कथित तौर पर आर्थिक दबाव बनाया जा रहा है।
संघ ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की भूमिका तय करने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए प्रभारी पद से हटाने की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
