बाल विवाह रोकना हम सभी की जिम्मेदारी: कलेक्टर

27 नवंबर को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में होंगी विशेष ग्राम सभाएँ, बाल विवाह के विरोध में ली जाएगी शपथ

कोरबा। बाल विवाह के खिलाफ जिलेभर में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। 27 नवंबर को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्रामसभाएं आयोजित कर बाल विवाह रोकने की शपथ ली जाएगी। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिलेवासियों से इस सामाजिक बुराई के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने और बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की है।

कलेक्टर ने संदेश जारी कर कहा कि बाल विवाह कानूनी अपराध होने के साथ बच्चों के शारीरिक, शैक्षणिक, आर्थिक और सामाजिक विकास में गंभीर बाधा है। इससे बच्चों के अधिकार प्रभावित होते हैं और उनके भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ता है। बाल विवाह की रोकथाम के लिए जागरूकता और समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

केंद्र सरकार के ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान और छत्तीसगढ़ शासन के ‘बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़’ अभियान के तहत जिले में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 27 नवंबर को सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्रामसभाएं होंगी। विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और रोकथाम के उपायों की जानकारी दी जाएगी।

कलेक्टर दुदावत ने समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और समाज के सभी वर्गों से कार्यक्रमों में शामिल होकर बाल विवाह नहीं करने और इसके खिलाफ दृढ़ता से विरोध करने की शपथ लेने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि बच्चों का सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।