त्योहारी सीजन से पहले प्रशासन अलर्ट, पुलिस-नगर पालिका ने व्यापारियों को दिए स्पष्ट निर्देश; सड़क और फुटपाथ खाली रखने की हिदायत
कोरबा।रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारी सीजन में दीपका के मुख्य बाजार में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए नगर प्रशासन एवं पुलिस ने कमर कस ली है।
बजरंग चौक, कटघोरा रोड और पाली रोड पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा जाम की समस्या से निपटने के लिए नगर प्रशासन और पुलिस ने व्यापारियों के साथ बैठक की। बैठक में बाजार की व्यवस्था सुधारने और त्योहारी दिनों में यातायात को नियंत्रित रखने को लेकर रणनीति तैयार की गई।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, सीएमओ नेतराम रत्नेश और थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने व्यापारियों को स्पष्ट कर दिया कि त्योहार के दौरान सड़क अथवा फुटपाथ पर दुकान का सामान फैलाकर रखने की अनुमति नहीं होगी।
दुकान की सीमा से बाहर सामान निकला तो कार्रवाई
सीएमओ ने व्यापारियों से कहा कि वे अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा रेखा के भीतर ही रखें। दुकानों के सामने फुटपाथ या मुख्य सड़क की ओर सामान रखकर बिक्री करने से सड़क की चौड़ाई कम होती है और पैदल चलने वालों के साथ वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होती है।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सड़क अथवा फुटपाथ पर सामान रखकर यातायात बाधित करने की स्थिति में नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों से अपील की गई कि वे स्वयं भी अपनी दुकानों के सामने व्यवस्था बनाए रखें, ताकि त्योहार के दौरान बाजार में अनावश्यक जाम की स्थिति निर्मित न हो।
ग्राहकों की पार्किंग की जिम्मेदारी भी समझें व्यापारी
बैठक में ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग को लेकर भी चर्चा हुई। थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने कहा कि दुकानों के सामने बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े होने के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति बनती है।
उन्होंने व्यापारियों से कहा कि वे अपने ग्राहकों को व्यवस्थित तरीके से वाहन पार्क करने के लिए प्रेरित करें और दुकानों के सामने सड़क पर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग न होने दें।
त्योहार के दिनों में बाजार में भीड़ बढ़ने के कारण छोटी सी लापरवाही भी बड़े जाम का कारण बन सकती है।
त्योहार में बाजार व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में बाजार में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सड़क, फुटपाथ और प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखना जरूरी है। व्यापारियों से प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई, ताकि खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को परेशानी न हो और यातायात भी सुचारु बना रहे।
बैठक में सहायक उप निरीक्षक जितेश सिंह,मो.अनीस, दिलीप सिंह,महेश मित्तल,अनूप अग्रवाल, आकाश अग्रवाल, जितेश अग्रवाल, नीरज सिंह, सुमित गुप्ता, संजय अग्रवाल, रंजन सिंह, आशुतोष तिवारी और आदित्य अग्रवाल सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।
प्रशासन के सख्त निर्देशों के बाद अब त्योहारी सीजन में दीपका के मुख्य बाजार में सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण तथा अव्यवस्थित पार्किंग पर कार्रवाई की संभावना बढ़ गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















