हरदेवा बर्रा–सरमा मुख्य मार्ग की टूटी पुलिया तीन माह बाद भी जस की तस, धान बेचने किसानों के सामने खड़ी हुई बड़ी मुसीबत

छह पंचायतों का आवागमन ठप, समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन केंद्र तक फसल पहुंचाना बना चुनौती;कलेक्टर के निर्देश के बाद भी वैकल्पिक व्यवस्था का इंतजार

कोरबा (पोड़ी उपरोड़ा)। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के दूरस्थ वनांचल और ग्रामीण अंचलों में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली का खामियाजा अब किसानों को भुगतना पड़ रहा है। बीते अगस्त में लगातार हुई मूसलाधार बारिश से क्षतिग्रस्त हुए हरदेवा बर्रा–सरमा मुख्य सड़क मार्ग सहित कई गांवों को जोड़ने वाले पुल-पुलियों की हालत करीब तीन माह बीत जाने के बाद भी जस की तस है।

पुल-पुलियों के टूटने और सड़कों के क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र की छह ग्राम पंचायतों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित है। ऊपर से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही किसानों के सामने अपनी उपज उपार्जन केंद्र तक पहुंचाने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।

ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम पंचायत सासिन, बासिन, बेतलो एवं सरमा सहित आसपास के गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाले हरदेवा बर्रा तथा जलके पहुंच मार्ग के पुल-पुलियों को बारिश के दौरान भारी नुकसान पहुंचा था। तेज बारिश और पानी के तेज बहाव के चलते कई स्थानों पर पुलिया एवं सड़क के हिस्से टूटकर क्षतिग्रस्त हो गए। तब से इन मार्गों पर आवागमन सामान्य नहीं हो पाया है। कहीं सड़क का हिस्सा पूरी तरह टूट चुका है, तो कहीं पुलिया क्षतिग्रस्त होने से भारी वाहनों का गुजरना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों को रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कलेक्टर ने किया था दौरा, तीन दिन में वैकल्पिक व्यवस्था के दिए थे निर्देश

इस गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन के समक्ष कई बार अपनी मांग रखी थी। इसी क्रम में बीते 5 अगस्त को जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने ग्राम पनगवां मार्ग सहित बारिश से क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों एवं हरदेवा बर्रा–सरमा मुख्य सड़क मार्ग का निरीक्षण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया था।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर को क्षेत्र की बदहाल सड़कों और टूटे पुल-पुलियों से उत्पन्न आवागमन की समस्या से अवगत कराया था। उन्होंने बताया था कि मार्ग बाधित होने से कई ग्राम पंचायतों का संपर्क मुख्य सड़क से कट गया है और ग्रामीणों को लंबी दूरी तय कर दूसरे रास्तों से आना-जाना पड़ रहा है।

इस पर कलेक्टर ने मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को तीन दिवस के भीतर क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों एवं सड़कों के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था तैयार कर आवागमन बहाल करने के निर्देश दिए थे। ग्रामीणों को उम्मीद जगी थी कि जल्द ही उन्हें इस गंभीर समस्या से राहत मिल जाएगी, लेकिन विडंबना यह है कि निरीक्षण और निर्देश के लगभग तीन माह बाद भी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है।

धान बेचने के लिए किसानों को उठानी पड़ रही भारी परेशानी

क्षेत्र में धान खरीदी शुरू होने के बाद अब सबसे बड़ी परेशानी किसानों के सामने आ खड़ी हुई है। किसानों ने पूरे खरीफ सीजन में मेहनत कर अपनी फसल तैयार की है, लेकिन खेतों से धान निकालने के बाद उसे समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए कोरबी धान उपार्जन केंद्र तक पहुंचाना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है। मुख्य सड़क मार्ग पर पुल-पुलियों के क्षतिग्रस्त होने के कारण धान से भरे ट्रैक्टर, पिकअप एवं अन्य परिवहन वाहनों को ले जाने में काफी दिक्कतें हो रही हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुल-पुलियों की मरम्मत अथवा वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था कर दी गई होती, तो किसानों को इस तरह की परेशानी नहीं उठानी पड़ती। वर्तमान में किसानों को अपनी उपज उपार्जन केंद्र तक पहुंचाने के लिए जोखिम भरे रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे न केवल परिवहन का खर्च बढ़ रहा है, बल्कि समय पर धान बेचने को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

पूर्व सरपंच सुखराज सिंह मरावी ने उठाई ग्रामीणों की समस्या

इस संबंध में ग्राम हरदेवा (सासिन) के पूर्व सरपंच सुखराज सिंह मरावी ने बताया कि अगस्त माह में लगातार हुई भारी बारिश से क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण मार्गों के पुल-पुलिये क्षतिग्रस्त हो गए थे। इसकी जानकारी प्रशासन को दी गई थी। इसके बाद 5 अगस्त को कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्वयं प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर संबंधित अधिकारियों को तीन दिवस के भीतर वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद आज तक पुल-पुलियों के निर्माण, मरम्मत और सड़कों को दुरुस्त करने की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

उन्होंने बताया कि अब धान खरीदी का सीजन शुरू हो चुका है। ऐसे में किसानों को अपनी उपज कोरबी धान उपार्जन केंद्र तक पहुंचाने में भारी परेशानी हो रही है। यदि जल्द ही सड़क और पुल-पुलियों की मरम्मत नहीं कराई गई, तो किसानों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

प्रशासनिक उदासीनता से ग्रामीणों में नाराजगी, जल्द समाधान की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान पुल-पुलियों का क्षतिग्रस्त होना प्राकृतिक आपदा की स्थिति हो सकती है, लेकिन तीन माह बीत जाने के बाद भी आवागमन बहाल करने के लिए ठोस व्यवस्था नहीं होना चिंता का विषय है। जब जिला प्रशासन के मुखिया स्वयं मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को समय-सीमा में वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दे चुके हैं, तब भी समस्या का समाधान नहीं होना ग्रामीणों के लिए निराशाजनक है।

अब क्षेत्र के किसानों एवं ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि हरदेवा बर्रा–सरमा मुख्य सड़क मार्ग सहित जलके पहुंच मार्ग के क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों का तत्काल निरीक्षण कराकर उनकी मरम्मत एवं निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। जब तक स्थायी निर्माण संभव नहीं हो पाता, तब तक सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए, ताकि किसान बिना किसी परेशानी के अपनी उपज को कोरबी धान उपार्जन केंद्र तक पहुंचाकर समर्थन मूल्य पर धान बेच सकें।

ग्रामीणों का कहना है कि किसानों की सुविधा और ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यक आवाजाही को देखते हुए प्रशासन को इस मामले में अब और देरी नहीं करनी चाहिए। धान खरीदी का महत्वपूर्ण सीजन चल रहा है, ऐसे में यदि जल्द राहत नहीं मिली तो इसका सीधा असर क्षेत्र के किसानों पर पड़ सकता है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हुए प्रभावित छह पंचायतों के ग्रामीणों और किसानों को राहत दिलाने के लिए कब तक ठोस कदम उठाता है।